शहर

Mathura News: जन्माष्टमी पर मथुरा में बदलेगा ट्रैफिक प्लान, 3 से 5 सितंबर तक कई रास्तों पर वाहनों की एंट्री बंद

Mathura News: जन्माष्टमी पर मथुरा में प्रशासन ने 3 से 5 सितंबर तक कई प्रमुख रास्तों पर यातायात प्रतिबंध लागू किए हैं। साथ ही पार्किंग की भी विशेष व्यवस्था की गई है। इस दौरान आपातकालीन वाहनों को छूट मिलेगी।

Image

मथुरा में जन्माष्टमी की भारी भीड़ को लेकर ट्रैफिक प्लान जारी (सांकेतिक फोटो)

Photo : iStock

Mathura Traffic Advisory: जन्माष्टमी के मौके पर मथुरा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। जिसे देखते हुए जिला प्रशासन ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी कर दी है। जिसके अनुसार, 3 से 5 सितंबर तक शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रतिबंध लागू किए हैं। श्रीकृष्ण जन्मस्थान और द्वारकाधीश मंदिर की ओर जाने वाले रास्तों पर वाहनों की आवाजाही नियंत्रित रहेगी। श्रद्धालुओं के लिए पार्किंग और सुरक्षा के भी विशेष इंतजाम किए गए हैं।

इन वाहनों पर रहेगी रोक

इस संबंध में जारी एक बयान के अनुसार, तीन सितंबर सुबह आठ बजे से पांच सितंबर सुबह नौ बजे तक श्रीकृष्ण जन्मस्थान की ओर जाने वाले मार्गों पर वाणिज्यिक और भारी वाहनों, सिटी बसों, चार पहिया वाहनों, ई-रिक्शा और दोपहिया वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। शहर में द्वारकाधीश मंदिर की ओर जाने वाले प्रमुख मार्गों पर भी यातायात नियंत्रित किया जाएगा। बयान के अनुसार, प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा और भीड़भाड़ से बचने के लिए विभिन्न स्थानों पर पार्किंग की विस्तृत व्यवस्था की है। मथुरा-वृंदावन के बीच यातायात प्रबंधन के तहत छटीकरा-वृंदावन मार्ग पर निर्धारित बहुस्तरीय पार्किंग से आगे किसी भी वाहन को जाने की अनुमति नहीं होगी।

आपातकालीन सेवाओं पर कोई प्रतिबंध नहीं

प्रशासन ने कहा कि एंबुलेंस और अग्निशमन वाहनों सहित आपातकालीन सेवाओं को यातायात प्रतिबंधों से मुक्त रखा गया है।

बयान में कहा गया है कि जन्माष्टमी के मद्देनजर पुलिस महानिदेशक कार्यालय ने जिला पुलिस प्रमुखों को सतर्क रहने और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने तथा अफवाह फैलाने या सांप्रदायिक सद्भाव बिगाड़ने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई करने को कहा गया है।

पुलिस को सोशल मीडिया मंचों पर भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री पर नजर रखने और ऐसी सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए हैं। जुलूसों और धार्मिक कार्यक्रमों के दौरान अतिरिक्त सतर्कता बरतने तथा सभी समारोह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article