जो दवाएं लोगों की जान बचाती हैं अगर वही जान लेने पर आमादा हो जाएं तो कोई क्या कर सकता है? नामी कंपनियों की दवा के नाम पर नकली दवाओं का कारोबार इन दिनों बिहार में तेजी से बढ़ रहा है। बिहार में बड़ी कंपनियों के नाम पर नकली दवाएं बेची जा रही हैं। हाल ही में औषधि नियंत्रण विभाग ने तीन प्रमुख दवा कंपनियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
जिन कंपनियों के नाम नकली दवाएं मिली हैं, उनमें से एक बिहार, एक हिमाचल और एक महाराष्ट्र की है। इन कंपनियों के नाम पर एंटीबायोटिक से लेकर बुखार तक की दवाएं शामिल हैं। लाइव हिंदुस्तान की रिपोर्ट के अनुसार एक खास मामले में, एनीमिया की नकली दवा पकड़ी गई है, इसके लिए भी केस दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है।
सहायक औषधि नियंत्रक उदय वल्लभ ने जानकारी दी कि पकड़ी गई दवा का सैंपल जांच के लिए कोलकाता भेजा जाएगा और दवा दुकानदार पर भी कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, जिन कंपनियों पर मुकदमा दर्ज किया गया है, उनके अनुसार पकड़ी गई दवा उनकी नहीं है और विभाग ने उनसे इस संबंध में लिखित जवाब मांगा है।
इसके अलावा भी कई बड़ी कंपनियों के दवाओं के सैंपल जांच में फेल हो चुके हैं, जिसके बाद उन्हें नोटिस जारी किया गया है। पिछले दो वर्षों में, दवा कंपनियों के खिलाफ कई मामले दर्ज किए गए हैं, जिसमें एक मामला पंजाब की एक एंटी एलर्जी दवा का भी शामिल है, जिसे ओडिशा की जांच टीम ने नकली बताया था।
