Bihar Ka Mausam (बिहार में आज का मौसम कैसा रहेगा) 25-June-2025: बिहार में मौसम की गतिविधियों में बदलाव आया है, जिसमें मेघ गर्जन, वज्रपात और वर्षा की गतिविधियां जारी हैं। मंगलवार को पटना और उसके आसपास के क्षेत्रों में तेज हवा के साथ झमाझम वर्षा हुई, जिससे लोगों को उमस से राहत मिली। राजधानी पटना में 0.3 मिमी वर्षा दर्ज की गई। अगले 24 घंटों में, पटना सहित कई क्षेत्रों में बादल छाए रहने और छिटपुट वर्षा की संभावना है।
कैसा रहेगा आज का मौसम
25 जून को बिहार के कई हिस्सों में मौसम का रुख खराब रहने वाला है। भारतीय मौसम विभाग ने पश्चिम चंपारण और किशनगंज जिलों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की है, जिससे जलभराव और बाढ़ जैसी स्थितियां बनने की आशंका है।
राज्य के उत्तर-पूर्वी और दक्षिणी हिस्सों में तेज हवाओं (30–40 किमी प्रति घंटे) के साथ आंधी, गरज-चमक और बारिश की संभावना जताई गई है। अररिया, सुपौल, मधेपुरा, सहरसा, पूर्णिया और कटिहार जैसे जिलों में वज्रपात और तेज हवाओं के साथ वर्षा का खतरा बना हुआ है। वहीं, गया, औरंगाबाद, कैमूर, नवादा, बांका, जमुई और भागलपुर में भी मौसम के बिगड़ने की संभावना है।
आज कुछ इलाकों में बढ़ेगी गर्मी
आज बिहार के जिन क्षेत्रों में वर्षा नहीं होगी, वहां अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की वृद्धि हो सकती है। पिछले 24 घंटों में किशनगंज, पूर्वी चंपारण, समस्तीपुर, रोहतास, गया, दरभंगा, जमुई, अररिया, भागलपुर, नालंदा, मधुबनी और वैशाली के विभिन्न हिस्सों में वर्षा हुई। किशनगंज के गलगलिया में सबसे अधिक 120.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई। पटना सहित 16 जिलों में अधिकतम तापमान में वृद्धि देखी गई, जहां पटना का अधिकतम तापमान 34.3 डिग्री सेल्सियस रहा। अन्य क्षेत्रों में वर्षा के आंकड़े पूर्वी चंपारण के अरेराज में 87.4 मिमी, समस्तीपुर के रोसरा में 81.3 मिमी, किशनगंज के तैबपुर में 75.8 मिमी, और गया के शेरघाटी में 65.4 मिमी दर्ज किए गए।
