आज के समय में क्रेडिट कार्ड (Credit Card) से शॉपिंग, ऑनलाइन पेमेंट और रोजमर्रा के खर्चों को मैनेज किया जा रहा है। कई बैंक अलग-अलग जरूरतों के हिसाब से क्रेडिट कार्ड ऑफर करते हैं। ऐसे में कुछ लोग ज्यादा रिवॉर्ड पॉइंट, कैशबैक और डिस्काउंट का फायदा उठाने के लिए एक से ज्यादा क्रेडिट कार्ड (Multiple Credit Cards) रखते हैं। हालांकि, कई क्रेडिट कार्ड रखने से फायदे के साथ कुछ जोखिम भी जुड़े हैं। इसलिए नया कार्ड लेने से पहले इसके फायदे और नुकसान समझना जरूरी है-
एक से ज्यादा क्रेडिट कार्ड रखने के फायदे
कुल क्रेडिट लिमिट बढ़ जाएगी
अगर आपके पास एक से ज्यादा क्रेडिट कार्ड हैं, तो आपकी कुल उपलब्ध क्रेडिट लिमिट बढ़ सकती है। इससे जरूरत के समय पेमेंट करने में सहूलियत मिलती है। हालांकि, ज्यादा लिमिट का मतलब यह नहीं है कि आपको खर्च भी ज्यादा ही करना है।
रिवॉर्ड और कैशबैक का फायदा
अलग-अलग क्रेडिट कार्ड पर शॉपिंग, पेट्रोल, मूवी टिकट और ऑनलाइन खरीदारी के लिए अलग ऑफर मिल सकते हैं। सही कार्ड का इस्तेमाल कर आप अपनी जरूरत के मुताबिक रिवॉर्ड पॉइंट, डिस्काउंट और कैशबैक का लाभ उठा सकते हैं।
बिलिंग साइकिल में मिलती है सुविधा
अलग-अलग क्रेडिट कार्ड की बिलिंग डेट अलग हो सकती है। इससे खर्चों और पेमेंट की योजना बनाने में मदद मिल सकती है। हालांकि, हर कार्ड की पेमेंट ड्यू डेट याद रखना जरूरी है, ताकि देर से भुगतान करने पर अतिरिक्त शुल्क न लगे।
क्रेडिट स्कोर पर पड़ सकता है सकारात्मक असर
कई कार्ड होने से कुल क्रेडिट लिमिट बढ़ सकती है। अगर आपका खर्च नियंत्रित है और बकाया राशि के मुकाबले उपलब्ध लिमिट ज्यादा है, तो क्रेडिट यूटिलाइजेशन रेशियो कम रह सकता है। इससे क्रेडिट स्कोर को फायदा हो सकता है। लेकिन समय पर बिल चुकाना बेहद जरूरी है।
एक से ज्यादा क्रेडिट कार्ड रखने के नुकसान
कर्ज के जाल में फंसने का खतरा
कई कार्ड होने से खर्च करने की क्षमता ज्यादा लग सकती है। जरूरत से ज्यादा खरीदारी करने पर बकाया राशि बढ़ सकती है और भुगतान न करने पर ब्याज का बोझ बढ़ सकता है।
बिल की तारीख भूलने का जोखिम
अलग-अलग कार्ड की पेमेंट डेट याद रखना मुश्किल हो सकता है। पेमेंट में देरी से लेट फीस लग सकती है और क्रेडिट स्कोर पर नकारात्मक असर पड़ सकता है।
अतिरिक्त शुल्क का बोझ
कुछ कार्ड पर सालाना फीस, लेट पेमेंट फीस और अन्य शुल्क लग सकते हैं। इसलिए कार्ड लेने से पहले सभी चार्ज की जानकारी जरूर लें।
भविष्य में लोन लेने पर असर
बहुत ज्यादा क्रेडिट कार्ड या अधिक बकाया राशि आपकी वित्तीय स्थिति के आकलन को प्रभावित कर सकती है। इससे होम लोन या कार लोन की मंजूरी पर असर पड़ने की आशंका हो सकती है।
कितने क्रेडिट कार्ड रखना सही है
क्रेडिट कार्ड की कोई एक तय संख्या सभी के लिए सही नहीं हो सकती। उतने ही कार्ड रखें, जिनका खर्च और पेमेंट आप आसानी से संभाल सकें। हर महीने बिल समय पर चुकाएं, खर्च की सीमा तय रखें और सिर्फ ऑफर के लालच में नया कार्ड न लें।
