शहर

Delhi-NCR Weather: दिल्ली में मौसम की दोहरी चाल, सुबह-शाम ठंडक तो दोपहर में तेज धूप, जानें आज कैसा रहेगा हाल

Delhi-NCR Weather Today: दिल्ली-एनसीआर में बारिश के बाद मौसम का मिजाज बदलने लगा है और तापमान में गिरावट से सुबह-शाम हल्की ठंड महसूस होने लगी है। हालांकि, दोपहर में तेज धूप के कारण गर्मी का एहसास बना हुआ है। वहीं, राजधानी की हवा में प्रदूषण का स्तर भी चिंता का विषय है, क्योंकि दिल्ली समेत NCR के कई शहरों में AQI 100 के पार दर्ज किया गया है।

Image

दिल्ली-NCR में आज का मौसम

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Delhi-NCR Weather Today: देश की राजधानी दिल्ली में मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। हालिया बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे सुबह और शाम के वक्त हल्की ठंड महसूस होने लगी है। हालांकि, दिन में तेज धूप निकलने के कारण लोगों को गर्मी का सामना भी करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, रविवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

आज का मौसम कैसा रहेगा?

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, सोमवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 31 से 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। दिनभर आसमान मुख्य रूप से साफ रहने और धूप निकलने का अनुमान है। इस दौरान उत्तर-पश्चिम दिशा से लगभग 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। तापमान में आई गिरावट के चलते सुबह और रात के समय मौसम अपेक्षाकृत ठंडा रहेगा, जबकि दिन में धूप के कारण गर्मी का एहसास हो सकता है।

दिल्ली-NCR में कितना है AQI?

दिल्ली-NCR में मौसम के साथ-साथ वायु गुणवत्ता पर भी नजर बनी हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के अनुसार, सोमवार सुबह 5:45 बजे दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 145 दर्ज किया गया। वहीं, एनसीआर के अन्य शहरों की बात करें तो फरीदाबाद का AQI 138, गुरुग्राम का 143, गाजियाबाद का 135, ग्रेटर नोएडा का 132 और नोएडा का 128 रहा। राजधानी के ज्यादातर इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक 100 से 200 के बीच बना हुआ है, जबकि कुछ स्थानों पर यह 100 से नीचे दर्ज किया गया।

दिल्ली में कल का मौसम कैसा रहेगा?

वहीं कल 20 अक्तूबर को दिल्ली में आसमान मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है। इस दौरान राजधानी का अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। विभाग के मुताबिक, दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य स्तर के आसपास बने रहने की संभावना है। हवाओं की बात करें तो सुबह उत्तर-पश्चिम दिशा से 12 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवा चल सकती है। दोपहर के समय हवाओं की गति बढ़कर 22 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है। वहीं, शाम और रात में हवा की रफ्तार घटकर फिर से 12 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article