पटना

Bihar Weather 16-November-2025: बिहार में पछुआ ने लुढ़काया पारा, शीतलहर की मिलने लगी आहट; जानें क्या कहता है IMD का पूर्वानुमान

Bihar Ka Mausam (बिहार में आज का मौसम कैसा रहेगा) 16-November-2025 पटना, गया, भागलपुर, मुजफ्फरपुर में जाने आज बारिश होगी या नहीं? बिहार के मौसम का पूर्वानुमान: बिहार में इस बार सर्दी ने समय से पहले दस्तक दी है। आधा नवंबर बीतते ही कई जिलों में न्यूनतम तापमान 9–10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। पछुआ हवाओं और कोहरे ने ठंड की तीव्रता बढ़ा दी है। जल्द ही बिहार में शीतलहर चलनी भी शुरू हो सकती है। तो आइए जानते हैं बिहार के मौसम का हाल।

Image

बिहार में जल्द शुरू हो सकती है शीतलहर

Photo : Times Now Digital

Bihar Ka Mausam (बिहार में आज का मौसम कैसा रहेगा) 16-November-2025: बिहार में इस बार सर्दी ने अपने तय समय से काफी पहले ही दस्तक दे दी है। नवंबर की शुरुआत और मध्य में जहां आमतौर पर हल्की ठंड रहती है, वहीं इस बार स्थिति पूरी तरह अलग है। शनिवार की रात पूरे राज्य में तापमान तेजी से गिरा और कई जिलों में न्यूनतम तापमान 9–10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार यह ठंड अभी रुकने वाली नहीं है, बल्कि आने वाले दिनों में और बढ़ सकती है।

कई जिलों में महसूस हुई कड़ाके की ठंड

राजधानी पटना, गया, नवादा, बक्सर और शेखपुरा सहित कई जिलों में सुबह-सुबह तेज ठंड महसूस की गई। लोग अब गर्म कपड़ों का सहारा लेने लगे हैं और कई स्थानों पर अलाव भी जलने लगे हैं। पटना में शनिवार को अधिकतम तापमान 27.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि दिन में हल्की धूप से कुछ राहत मिली।

कौन से जिले सबसे अधिक ठिठुर रहे हैं?

बिहार मौसम सेवा केंद्र के ताजा आंकड़ों के अनुसार राज्य में न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री सेल्सियस से 15.3 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज हुआ। सबसे अधिक ठंड रोहतास के नौहट्टा में महसूस की गई, जहां पारे ने 9.6 डिग्री सेल्सियस का सबसे निचला स्तर छुआ। गया में 10.1 डिग्री सेल्सियस, नवादा 10.5 डिग्री सेल्सियस, बक्सर 10.8 डिग्री सेल्सियस, शेखपुरा 10.9 डिग्री सेल्सियस और पटना में 11.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लगभग पूरे बिहार का तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है, जिससे रात और सुबह की ठंड काफी बढ़ गई है।

ठंडी हवाएं और कोहरा बन रहे परेशानी

उत्तर-पश्चिम से लगातार 20-30 किमी/घंटा की रफ्तार से चल रही पछुआ हवा ठंड की तीव्रता बढ़ा रही है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले 48 घंटों में हल्का से मध्यम कोहरा छा सकता है, जिससे विजिबिलिटी कम हो सकती है। वर्तमान में पूर्णिया में विजिबिलिटी सबसे कम 800 मीटर दर्ज हुई है। कोहरे और ठंडी हवा की वजह से राज्य में वायु गुणवत्ता भी खराब हुई है। पटना के बीआईटी स्थित क्षेत्र में AQI 299 तक दर्ज हुआ, जो "बहुत खराब" श्रेणी में आता है।

आने वाले दिनों में बिहार का मौसम कैसा रहेगा?

IMD के अनुसार अगले एक सप्ताह तक बिहार में तापमान में और गिरावट आने की संभावना है। दिन का तापमान 26-30 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान 10-16 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। दक्षिण बिहार के जिलों, गया, नवादा, रोहतास और औरंगाबाद में रात का तापमान 11–14 डिग्री सेल्सियस तक गिरने की संभावना जताई गई है। उत्तर बिहार और कोसी-सीमांचल में न्यूनतम तापमान 14–16 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। दिन में आसमान साफ रहेगा, लेकिन सुबह-शाम ठंडी हवा और धुंध परेशानी बढ़ा सकती है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारी author

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृ... और देखें

End of Article