Bihar Ka Mausam (बिहार में आज का मौसम कैसा रहेगा) 12-July-2025: कुछ जिलों को छोड़ दें तो बिहार के अधिकांश इलाकों में मानसून का असर कुछ खास नहीं है। बीते कुछ दिनों से अधिकतर इलाके सूखे हैं। शनिवार यानी आज के लिए भी मौसम विभाग की तरफ से कोई उम्मीद भरा पूर्वानुमान नहीं जारी हुआ है। उमस और गर्मी से आज भी हाल बेहाल रहने वाला है।
कैसा है मौसम का हाल
कल यानी शुक्रवार को मौसम विभाग ने राज्य के पश्चिमी और दक्षिण-मध्य भागों के जिलों के एक या दो स्थानों पर तेज हवा और बारिश का अलर्ट जारी किया था, साथ ही कैमूर और रोहतास जिलों के एक या दो स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया था। राजधानी पटना में बादलों हल्की बारिश के बीच अधिकतम तापमान 35 डिग्री तो न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस तक रहा।
आज का मौसम
मौसम विभाग ने शुक्रवार को पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीवान और गोपालगंज जिलों में ठनका और तेज हवा का पूर्वानुमान जारी किया था। जो आज अब सीमित कर दी गई है, आज किसी भी इलाके के लिए मौसम विभाग ने कोई अलर्ट जारी नहीं किया है लेकिन राज्य भर में कुछ-एक इलाकों से बारिश देखी जा सकती है। राजधानी पटना में भी आज कोई चेतावनी नहीं है। शहर के आसमान में छिटपुट बादल गुजरते नजर आ सकते हैं, लेकिन बारिश की गुंजाइश नहीं है। कल की बूंदाबादी से तापमान में कुछ गिरावट जरूर आएगी। आज पटना का अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री रहने वाला है।
कल कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग की मानें तो अगले पांच दिनों तक राज्य भर के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई खास उतार चढ़ाव देखने को नहीं मिलेगा। पटना का मौसम आज की ही तरह रहने वाला है। आसमान में छिटपुट बादल दिखाई देंगे और बारिश की संभावना कम है। अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम 28 डिग्री रहेगा। रविवार को राज्य के पूर्वी और उत्तर-पश्चिमी भागों में एक या दो जगहों पर ठनका गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने इसको लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। 15 जुलाई से फिर एक बार मानसून में तेजी की संभावना जताई गई है।
