Bihar Ka Mausam (बिहार में आज का मौसम कैसा रहेगा) 1-July-2025: बिहार में जुलाई का आगाज झमाझम बारिश के साथ हुआ है। राज्य के कई जिलों में जहां बीते 24 घंटों में अच्छी बारिश दर्ज की गई, वहीं तेज हवाओं और बिजली गिरने की घटनाओं ने लोगों को सतर्क कर दिया है। आज भी मौसम में मानसून अपना असर दिखाएगा, मौसम विभाग ने दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-मध्य बिहार के कई हिस्सों में येलो अलर्ट जारी करते हुए भारी बारिश और आंधी-तूफान की चेतावनी दी है।
कहां कितने बरसे बादल
30 जून को राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। महाराजगंज में 115.6 मिमी, नवीनगर में 68.4 मिमी, भगवानपुर हाट में 52.2 मिमी और औरंगाबाद में 51.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई। गोपालगंज में 44 किमी/घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। वहीं बेगूसराय में अधिकतम तापमान 37.7 डिग्री सेल्सियस और किशनगंज में न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
आज कैसा रहेगा मौसम
1 जुलाई को दक्षिण-पश्चिम बिहार के बक्सर, भोजपुर, रोहतास, कैमूर, औरंगाबाद और अरवल जिलों 30–40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और गरज-चमक के साथ भारी बारिश की संभावना है। इसी तरह दक्षिण-मध्य बिहार के गया और नवादा जिलों में भी इसी तरह की मौसमी गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। इसके अलावा पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण और गोपालगंज जिलों में भी गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताया गया है।
मौसम विभाग ने इन सभी जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए नागरिकों से अपील की है कि वे सुरक्षित स्थानों पर रहें और मौसम से संबंधित सभी अपडेट्स पर नजर बनाए रखें। बारिश और ठंडी हवाओं के चलते गर्मी और उमस से लोगों को बड़ी राहत मिली है। किसानों को भी इस मानसून से फायदा मिलने की उम्मीद है, क्योंकि खरीफ फसल की बुआई के लिए यह समय बारिश की जरूरत होती है।
पटना में क्या रहेगा मौसम का हाल
पटना शहर में भी आज बारिश की संभावना दिख रही है। मौसम विभाग के अनुसार पटना में आज अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। आज मंगलवार को आसमान में दिनभर बादल छाए रहेंगे और एक दो खेप तेज बारिश भी हो सकती है। हालांकि इसको लेकर कोई चेतावनी नहीं जारी की गई है। बुधवार के लिए येलो अलर्ट जरूर है।
