पटना

बिहार के मोतिहारी में दर्दनाक हादसा, सड़क किनारे खड़े ट्रक से भिड़ा ऑटो, 4 लोगों की मौत

पूर्वी चंपारण के मोतिहारी में एक ऑटो की सड़क किनारे खड़े ट्रक से जोरदार भिड़ंत हो गई। इस दुर्घटना में ऑटो में सवार 4 लोगों की मौत हो गई है और तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। बताया जा रहा है कि यह सभी लोग एक परिवार के सदस्य हैं और शादी समारोह से वापस लौटते हुए हादसे का शिकार हो गए।

Image

बिहार के मोतिहारी में दर्दनाक हादसा

Motihari Road Accident: बिहार के पूर्वी चंपारण जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। यहां मोतिहारी के डुमरिया घाट थाना क्षेत्र में गुरुवार को सड़क हादसा हो गया है। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई है और तीन अन्य लोग घायल हो गए हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंती पुलिस की टीम ने मृतकों के शव को जब्त करके पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया जा रहा है कि हादसे का शिकार हुए सभी मृतक एक ही परिवार के सदस्य है।

ट्रक और ऑटो की टक्कर से बाद हुआ हादसा

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि हादसे का शिकार हुए सभी लोग शादी समारोह से वापस घर लौट रहे थे, तभी हादसे का शिकार हो गए। अधिकारी ने बताया कि महम्मदपुर निवासी आसनारायण शाह की बेटी की शादी कोटवा थाना क्षेत्र में तय हुई थी। विवाह समारोह मोतिहारी के अवधेश चौक स्थित एक निजी होटल में संपन्न हुआ। विदाई के बाद वधू पक्ष के कई लोग ऑटो पर सवार होकर घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। पुलिस के मुताबिक, यह हादसा डुमरिया घाट थाना क्षेत्र के एक होटल के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर हुआ। जहां सड़क के किनारे खड़े ट्रक से ऑटो की जबरदस्त टक्कर हुई।

पुलिस ने बताया कि इस घटना में एक व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोगों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान दीपक साह (40), यश राज (20), रितेश (12) और नितेश (10) के रूप में की गई है। सभी मृतक परिवार के सदस्य बताए जा रहे हैं। सभी मृतक बाड़ा गांव के रहने वाले हैं।

ऑटो चालक की लापरवाही से हुआ हादसा

डुमरिया घाट थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त ऑटो और सड़क किनारे खड़े ट्रक को जब्त कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि ऑटो चालक की लापरवाही से हादसा हुआ है। उन्होंने बताया कि इस दुर्घटना में अन्य तीन घायलों का इलाज फिलहाल एक अस्पताल में चल रहा है, जहां उनकी स्थिति स्थिर बनी हुई है। घटना के बाद गांव में मातम पसर गया है।

(इनपुट - आईएएनएस)

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!