Bihar Aaj Aur kal ka Mausam kaisa Rahega: बिहार में मॉनसून की बारिश अब आफत बनने लगी है। बारिश से गंगा, गंडक और सोन समते कई नदियां उफान पर हैं। जिसकी वजह से प्रदेश के कई जिलों में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। वहीं निचले इलाकों में बाढ़ की स्थिति देखने को मिलने लगी है। तेज बारिश के चलते कई जगहों पर जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। आने वाले दिनों में भी प्रदेश में भारी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। मौसम विभाग ने अगले पांच दिन में पटना, बक्सर, आरा, किशनगंज और वाल्मीकिनगर समेत कई जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है।
इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने बिहार के अधिकांश हिस्सों में अगले 24 घंटों के दौरान भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान दरभंगा, मधुबनी समस्तीपुर, वैशाली, अररिया, कटिहार, सुपौल, किशनगंज, पूर्वी और पश्चिम चंपारण में बारिश होने की संभावना है। आपदा प्रबंधन विभाग ने बारिश के दौरान बिजली गिरने को लेकर भी चेतावनी जारी की है। साथ ही यह भी अपील की है कि बारिश और मेघगर्जन के दौरान घरों से बाहर निकलने से बचें। विभाग ने लोगों से बारिश के दौरान खेतों में काम नहीं करने को कहा है और पेड़ के नीचे शरण नहीं लेने की भी सलाह दी है। पिछले 24 घंटे में बिजली गिरने के कारण अलग-अलग हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई और सात लोग झुलस गए। कैमूर के नुआंव और बेलाव थाना क्षेत्र में वज्रपात से दो लोगों की मौत हो गई और रोहतास में भी एक महिला की जान चली गई।
भारी बारिश के चलते नदियां उफान पर
बिहार और आसपास के इलाकों में लगातार बारिश हो रही है। जिसके चलते कई नदियों का जलस्तर बढ़ रहा है। गंगा, सोन, बागमती, गंडक, कमला बलान, अधवारा समूह और कोसी समेत कई नदियां उफान पर हैं। जिसके चलते निचले इलाकों में बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। वाल्मीकिनगर गंडक बैराज से पानी छोड़ा गया है, जिसकी वजह से कई इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। वहीं वाल्मीकनगर टाइगर रिजर्व में भी गंडक नदी का पानी तेजी से बढ़ रहा है। बिहार में बागमती, लखनदेई और अन्य नदियों के जलस्तर में भी तेजी से बढ़ोत्तरी हो रही है। कोसी नदी के जलस्तर बढ़ने से मधुबनी के मधेपुर प्रखंड और आसपास के निचले इलाकों में बाढ़ का पानी फैल गया है। जिसके कारण लोग सुरक्षित स्थानों पर पलायन कर गए हैं।
बांका में हुई सबसे अधिक बारिश
बिहार में रविवार को कई जिलों में बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनसुरा पिछले 24 घंटों में सबसे अधिक बारिश बांका के शंभूगंज में हुई। यहां 191.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा किशनगंज में 148 मिमी, पश्चिमी चंपारण के सिकटा में 145.6 मिमी, मुंगेर के तारापुर में 145.2 मिमी और पटना के अथमलगोला में 113 मिमी बारिश दर्ज हुई।
