Delhi-NCR Weather Today: दिल्ली-एनसीआर में लोग अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे हैं। दिल्ली-एनसीआर में मानसून ने दस्तक तो दी है, लेकिन मानसूनी बारिश बरसने का नाम ही नहीं ले रही है। मानसून की पहली बारिश के बाद से दिल्ली-एनसीआर में एक बार कुछ हिस्सों में हल्की तो कुछ स्थानों पर तेज बारिश दर्ज की गई थी, जिसके बाद शहर के लोग उमस भरी गर्मी झेल रहे हैं। अच्छी बारिश के इंतजरा में दिल्ली में अब गर्मी के साथ तापमान भी बढ़ने लगा है। दिल्ली के अधिकतम तापमान में 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। उमस भरी गर्मी से बेहाल हो रहे लोगों का अब एक ही सवाल है कि दिल्ली में बारिश कब होगी या नहीं? आइए आपको बताएं आईएमडी के दिल्ली-एनसीआर में बारिश को लेकर क्या पूर्वानुमान है।
चढ़ने लगा दिल्ली का पारा
दिल्ली के लोग अच्छी बारिश की राह देख रहे हैं। बूंदाबांदी और बारिश की बौछार के बाद से नमी का स्तर बढ़ा और उमस भरी गर्मी की शुरुआत हुई। रविवार के दिन दिल्ली में बारिश होने की संभावना जताई गई थी। रविवार की सुबह आसमान में बादल तो दिखाई दिए लेकिन बदरा बरसे नहीं। दोपहर होते-होते दिल्ली में धूप खिली, जिसके चलते तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। दिल्ली के सफदरजंग मौसम केंद्र ने रविवार को अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। इस सप्ताह के अंत तक शहर का तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तक जाने की संभावना है।
दिल्ली-एनसीआर में बारिश की संभावना
मौसम विभाग की मानें तो दिल्ली-एनसीआर क्षेत्रों में पूरे सप्ताह बारिश की बौछार या हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। इस बीच शहर में हवाएं चलने की भी उम्मीद जताई गई है। हल्की बारिश से दिल्ली के लोगों का उमस से कुछ देर की राहत मिल सकती है।
दिल्ली की हवा हुई साफ
बारिश और हवाओं के बाद से दिल्ली की एयर क्वालीटी बेहतर हो गई है। रविवार के दिन दिल्ली की हवा अभी तक की सबसे साफ हवा रही है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, रविवार को दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक 56 पर रहा। बता दें कि पिछले 4 दिनों से दिल्ली की हवा वायु गुणवत्ता सूचकांक में 100 के नीचे दर्ज की जा रही है। 51 से 100 के बीच AQI संतोषजनक माना जाता है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
