UP Aaj Aur kal ka Mausam kaisa Rahega: उत्तर प्रदेश में मॉनसून पूरी तरह से मेहरबान है। बारिश के चलते यूपी में मौसम खुशनुमा हो गया है। प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश का दौर चल रहा है। जिसके चलते कई जिलों में जलभराव की स्थिति भी देखने को मिल रही है। रविवार को भी यूपी के कई जिलों में बारिश रिकॉर्ड की गई। आने वाले दिनों में भी प्रदेश में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। आज भी कई जिलों में तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है।
इन जिलों में आज बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को पूर्वी और पश्चिमी यूपी के कई हिस्सों में बारिश के संभावना है। इस दौरान कई जगहों पर गरज-चमक के साथ बौछार भी पड़ सकती है। इसके अलावा कहीं कहीं पर बादल की गरज के साथ बिजली गिरने के भी आसार हैं। यूपी की कई जिलों में भारी बारिश भी हो सकती है। इनमें प्रयागराज, कौशांबी, सोनभद्र, मिर्जापुर, हमीरपुर, झांसी, ललितपुर, महोबा और आसपास के इलाके शामिल हैं।
यूपी में पूरे हफ्ते कैसा रहेगा मौसम
यूपी में इस हफ्ते बारिश का दौर जारी रहने वाला है। 9 जुलाई को भी प्रदेश के कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बौछार होने के आसार हैं। साथ ही कुछ जगहों पर बादल की गरज और बिजली गिरने की भी संभावना है। 10 और 11 जुलाई को पूर्वी और पश्चिमी यूपी के लगभग सभी हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। 12 जुलाई को भी प्रदेश में ऐसा ही मौसम रहेगा। इस दिन भी यूपी के दोनों हिस्सों में कई जगहों पर गरज-चमक के साथ बारिश देखने को मिल सकती है। जिसके बाद 13 जुलाई को पश्चिमी यूपी के कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। वहीं पूर्वी यूपी के भी कई हिस्सों में गरज चमक के साथ बारिश हो सकती है।
रविवार को मुरादाबाद में हुई 35.8 mm बारिश
यूपी में रविवार को कई जिलों में बारिश देखने को मिली। मौसम विभाग के अनुसार मुरादाबाद में 35.8 मिमी, वाराणसी में 34.8 मिमी और बहराइच में 24.4 मिमी बारिश दर्ज हुई। इसके अलावा प्रयागराज, लखनऊ, बाराबंकी, कानपुर, फतेहपुर, झांसी, लखीमपुर खीरी, गाजीपुर, गोरखपुर और बस्ती समेत कई जिलों में बारिश दर्ज की गई।
