शहर

Patna News: पटना में जलजमाव को लेकर भड़का लोगों का गुस्सा, सड़क पर टायर जलाकर किया प्रदर्शन; धरने पर बैठे

Patna Waterlogging: पटना में लंबे समय से जलजमाव की समस्या से परेशान स्थानीय लोगों का बुधवार को गुस्सा फूट पड़ा। प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम कर टायर जलाए और नगर निगम के खिलाफ नारेबाजी की।

Image

पटना में जलजमाव को लेकर भड़का लोगों का गुस्सा

Photo : Times Now Digital

Patna Waterlogging: बिहार की राजधानी पटना में जलजमाव की समस्या को लेकर बुधवार को स्थानीयों का गुस्सा फूटा। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, पटना के चौक थाना क्षेत्र के मंगल तालाब के पास जलजमाव की समस्या से परेशान स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। आक्रोशित लोगों ने सड़क पर टायर जलाकर आगजनी की और नगर निगम प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के कारण इलाके में कुछ समय तक आवागमन प्रभावित रहा।

सड़कों पर जमा हो रहा नाले का पानी

स्थानीय लोगों का कहना है कि नाले का पानी लगातार घरों और आसपास की सड़कों पर जमा हो रहा है। लंबे समय से जलजमाव की समस्या बनी हुई है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। जिस जगह पर जलजमाव की समस्या बनी हुई है वह इलाका पटना नगर निगम के वार्ड संख्या 62 और 66 की सीमा पर स्थित है।

प्रदर्शनकारियों के मुताबिक, जलजमाव की समस्या को लेकर दोनों वार्डों के पार्षदों के अलावा पटना की मेयर और डिप्टी मेयर से कई बार मुलाकात की गई और उन्हें लिखित आवेदन भी दिया जा चुका है। इसके बावजूद स्थानीयों का अबतक महज आश्वासन ही मिला है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, पटना साहिब के विधायक रत्नेश कुमार और नगर निगम के कई अधिकारी भी समय-समय पर मौके का निरीक्षण कर चुके हैं। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि निरीक्षण के दौरान समस्या के समाधान का आश्वासन दिया गया, लेकिन अभी तक जलजमाव की समस्या का स्थायी निपटारा नहीं हो सका। जिसकी वजह से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

धरने पर बैठे प्रदर्शनकारी

जलजमाव की समस्या से आहत प्रदर्शनकारी बुधवार को धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचकर जलजमाव की समस्या के समाधान को लेकर लिखित आश्वासन नहीं देते, तब तक धरना जारी रहेगा।

छात्रों को भी हो रही परेशानी

जलजमाव के कारण स्थानीय स्कूलों में आने-जाने छात्र-छात्राओं को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीयों के मुताबिक, स्कूल जाने वाले बच्चों और आम लोगों को नाले के गंदे पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ता है। बुजुर्गों और छोटे बच्चों के लिए स्थिति और भी मुश्किल बनी हुई है।

तत्काल करें समाधान

प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से तत्काल जल निकाली की व्यवस्था कराने और भविष्य में जलजमाव की स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो, इसके लिए स्थायी समाधान की मांग की है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article