Patna Emergency Siren: बिहार की राजधानी पटना में आज आपातकालीन सायरन प्रणाली (Emergency siren system) का टेक्निकल टेस्ट किया जाएगा। न्यू पुनाईचक स्थित नागरिक सुरक्षा निदेशालय के कंट्रोल रूम में लगे इस सायरन सिस्टम का टेस्ट दोपहर 1 बजे से 2 बजे के बीच किया जाएगा। इस दौरान सायरन की अलग-अलग निर्धारित ध्वनियां लोगों को सुनाई देंगी। आपदा प्रबंधन विभाग ने लोगों से इन्हें सुनकर घबराने और किसी तरह की अफवाह पर ध्यान देने से बचने की अपील की है।
एक घंटे तक चलेगा सायरन का परीक्षण
बिहार के आपदा प्रबंधन विभाग के नागरिक सुरक्षा निदेशालय की ओर से सोमवार को इस संबंध में प्रेस विज्ञप्ति जारी की गई। विभाग के अनुसार, मंगलवार को होने वाले तकनीकी परीक्षण के दौरान सायरन सिस्टम की कार्यक्षमता जांची जाएगी। परीक्षण के हिस्से के तौर पर तय किए गए सायरन संकेत प्रसारित किए जाएंगे। इनमें चेतावनी और खतरा टलने से संबंधित ध्वनियां शामिल होंगी।
सायरन का वास्तविक आपदा से नहीं है कोई संबंध
आपदा प्रबंधन विभाग ने स्पष्ट किया है कि सायरन का बजना किसी वास्तविक आपात स्थिति का संकेत नहीं होगा। यह पूरी प्रक्रिया केवल टेक्निकल टेस्ट के लिए की जा रही है। इसका किसी वास्तविक आपदा, हवाई हमले, आग, बाढ़, भूकंप या किसी अन्य आपात स्थिति से कोई संबंध नहीं है।
लोगों से अफवाहों से बचने की अपील
विभाग ने आम लोगों से सायरन की आवाज सुनने के बाद किसी तरह के भ्रम या भय में नहीं आने को कहा है। लोगों से अपील की गई है कि वे परीक्षण के दौरान अफवाहों पर भरोसा न करें और धैर्य बनाए रखें। विभाग ने यह भी साफ किया है कि सायरन की आवाज केवल प्रणाली के तकनीकी परीक्षण के मकसद से प्रसारित की जाएगी। इसलिए पटना में आज यानी 6 अक्टूबर को दोपहर 1 से 2 बजे के बीच सायरन सुनाई देने पर लोगों को इसे लेकर चिंता करने की जरूरत नहीं है।
