शहर

Delhi News: लॉरेंस विश्नोई गैंग ने ली पश्चिम विहार में जिम के बाहर गोलीबारी की जिम्मेदारी

दिल्ली के पश्चिम विहार स्थित 24 फिटनेस जिम के बाहर बुधवार तड़के ताबड़तोड़ फायरिंग से दहशत फैल गई। अब एक सोशल मीडिया पोस्ट में लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने इस गोलीबारी की जिम्मेदारी ली है।

Delhi News: राजधानी दिल्ली के पश्चिम विहार इलाके में गुरुवार सुबह उस समय दहशत फैल गई जब 24 फिटनेस जिम के बाहर अज्ञात बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की। शुरुआती जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 5 बजे दो बाइक सवार हमलावर जिम के बाहर पहुंचे और 5-6 राउंड गोलियां चलाने के बाद मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

स्थानीय लोगों से सूचना मिलने पर पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। पुलिस ने इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी है। फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया और गोलियों के खोखे सहित अन्य सुबूत जुटाए गए हैं।

क्या पंजाबी सिंगर गुरु रंधावा का है जिम?

जिस जिम के बाहर फायरिंग हुई है उसका नाम 24 फिटनेस जिम है। दिल्ली पुलिस के अनुसार इस जिम का पंजाबी गायक Guru Randhawa से कोई भी सीधा संबंध सामने नहीं आया है। पुलिस के मुताबिक जिम, दिल्ली में टैगोर गार्डन के एक शख्स का है। हालांकि, पुलिस अभी यह जांच कर रही है कि फायरिंग का कारण क्या था और जिम को निशाना क्यों बनाया गया।

लॉरेंस विश्नोई गैंग ने ली जिम्मेदारी

घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताने वाले गैंगस्टर अनिल पंडित ने इस हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। जिम्मेदारी लेने वाले अनिल पंडित ने इस जिम को पंजाबी सिंगर गुरु रंधावा का बताते हुए कहा कि सलमान खान के साथ नजदीकी के चलते गुरु रंधावा के जिम पर फायरिंग की। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वायरल पोस्ट की सत्यता की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और इसकी जांच की जा रही है।

आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। साथ ही सोशल मीडिया पर सामने आए दावे की भी तकनीकी और साइबर माध्यमों से जांच की जा रही है।

फिलहाल पुलिस मामले की सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी तथ्यों और सबूतों को वैरिफाई किया जाएगा।

इस घटना ने एक बार फिर दिल्ली में गैंगवार और संगठित अपराध से जुड़े मामलों को लेकर सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों की पहचान कर जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Mohit Om
मोहित ओमauthor

जनमानस की खबर को पाठकों तक पहुंचाना ही एकमात्र लक्ष्य। एक दशक से ज्यादा पत्रकारिता का अनुभव। अपराध के पीछे की साजिश को बेपर्दा करने वाली हर खबर पर पैनी निगाह रखता हूँ।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!