बिहार की राजनीति में एक बार फिर सियासी बयानबाजी शुरू हो गई है। मोकामा विधायक और छोटे सरकार कहे जाने वाले अनंत सिंह ने पुर्णिया से सांसद पप्पू यादव के महिलाओं को लेकर दिए गए बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने पप्पू यादव को पागल करार देते हुए कहा कि महिलाओं पर ऐसे बयान देने वाला व्यक्ति पागल हो गया है। वे पहले अपनी पत्नी और खुद को देखें। उनकी पत्नी भी राजनीति में है अगर राजनीति में जाने वाली महिलाएं नेताओं के कमरों में जाती हैं तो पप्पू यादव अपनी पत्नी से पूछे वह कहां गई थी।
क्या बोले थे पप्पू यादव?
बता दें कि पप्पू यादव ने बीते दिन महिलाओं को लेकर विवादित बयान दिया था। उन्होंने कहा कि राजनीति में आने वाली 90 फीसदी महिलाओं को किसी न किसी नेता के कमरे में जाना पड़ता है। पूर्णिया सांसद के इस बयान पर महिला संगठनों और नेताओं ने आपत्ति जाहिर की है। महिला आयोग ने भी उन्हें नोटिस जारी किया था। अब अनंत सिंह ने भी उनके बयान पर आपत्ति जताई है।
इसके साथ ही, उन्होंने नीतीश कुमार के राज्यभर में यात्रा करने के फैसले पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इस कदम का स्वागत करते हुए कहा कि यह अच्छा कदम है, क्योंकि इससे उन्हें जनता के बीच जाकर जमीनी हकीकत देखने का मौका मिलेगा। साथ ही जदयू विधायक दल के नेता के तौर पर श्रवण कुमार की नियुक्ति पर भी उन्होंने खुशी जताई। अनंत सिंह ने कहा कि श्रवण कुमार पुराने और अनुभवी नेता हैं, पार्टी की कार्यशैली को अच्छी तरह समझते हैं और उन्हें दी गई जिम्मेदारी को वे बखूबी निभाएंगे।
पश्चिम बंगाल चुनाव के नतीजों पर क्या बोले 'छोटे सरकार'
वहीं, पश्चिम बंगाल चुनाव के नतीजों को लेकर अनंत सिंह ने अनिश्चितता जताई। उन्होंने कहा कि वहां की स्थिति को लेकर कुछ स्पष्ट नहीं कहा जा सकता। तेजस्वी प्रसाद यादव के बंगाल में चुनाव प्रचार करने पर उन्होंने कहा कि “लोग जाते हैं, इसमें कुछ खास नहीं है।
वहीं, बिहार की कानून-व्यवस्था पर बोलते हुए अनंत सिंह ने लालू प्रसाद यादव के शासनकाल पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि लालू राज में बिहार अपराधियों के हवाले था, जबकि नीतीश कुमार ने राज्य को संभाला और हालात सुधारे। तेजस्वी यादव के अपराध को लेकर दिए जा रहे बयानों को उन्होंने गलत बताया। पुलिस एनकाउंटर पर अनंत सिंह ने कहा कि जो गलत करेगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होना जरूरी है।
