शहर

Delhi Encounter: नजफगढ़ में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, हाशिम बाबा गिरोह का कुख्यात शूटर घायल

Delhi News: दक्षिण-पश्चिमी दिल्ली के नजफगढ़ इलाके में UER-2 हाईवे के पास दिल्ली पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में हाशिम बाबा गिरोह का संदिग्ध शूटर शिवम घायल हो गया है। वह हत्या के मामलों में वांन्टेड था।

Image

नाबालिग की हत्या समेत दो मामलों में वांछित था शूटर शिवम

Delhi News: राजधानी दिल्ली में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दिल्ली पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। दक्षिण-पश्चिमी दिल्ली के नजफगढ़ इलाके में यूईआर-2 (UER-2) राजमार्ग के पास शुक्रवार को पुलिस और बदमाशों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई। इस दौरान कुख्यात हाशिम बाबा गिरोह का एक संदिग्ध शूटर पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल हो गया।

पकड़ा गया आरोपी कई गंभीर आपराधिक मामलों में लंबे समय से फरार चल रहा था, जिसमें एक नाबालिग की हत्या का मामला भी शामिल है।

कैसे हुई मुठभेड़? जानिए पूरा घटनाक्रम

पुलिस अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, दक्षिण-पश्चिमी दिल्ली जिला पुलिस को सूचना मिली थी कि हाशिम बाबा गिरोह से जुड़ा एक शातिर बदमाश किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में इलाके में घूम रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने यूईआर-2 हाईवे के पास संदिग्ध आरोपी शिवम को घेरकर रोकने की कोशिश की। खुद को घिरता देख आरोपी शिवम ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ गोलीबारी शुरू कर दी। आत्मरक्षा में और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों ने भी जवाबी कार्रवाई की। दोनों पक्षों के बीच लगभग सात राउंड गोलियां चलीं। इस दौरान पुलिस की गोली उसके पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। पुलिस ने तुरंत उसे दबोच लिया और उसके कब्जे से एक अवैध पिस्तौल व जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। घायल बदमाश को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

नाबालिग की हत्या समेत कई मामलों में था वॉन्टेड

पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार किया गया शूटर शिवम डाबड़ी पुलिस स्टेशन में दर्ज हत्या के दो गंभीर मामलों में मुख्य रूप से वांछित चल रहा था। इनमें से एक सनसनीखेज मामला एक नाबालिग की हत्या से जुड़ा हुआ है। राजधानी में सक्रिय संगठित अपराध और गैंगस्टर्स के नेटवर्क पर लगाम लगाने के लिए पुलिस अब यह खंगालने में जुटी है कि इस वारदात में उसके साथ और कौन-कौन लोग शामिल थे तथा हाशिम बाबा गिरोह के अन्य गुर्गों के साथ उसके क्या संबंध हैं। पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं पर भी गहनता से छानबीन कर रही है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article