शहर

बंगाल STF की बड़ी कार्रवाई, उस्मान हादी हत्याकांड में दो बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार

पश्चिम बंगाल पुलिस के STF ने बांग्लादेशी राजनीतिक कार्यकर्ता उस्मान हादी की हत्या के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी बांग्लादेश से भागकर मेघालय बॉर्डर के रास्ते अवैध रूप से भारत में घुस आए थे। जिसके बाद वे फिर से बांग्लादेश वापस जाने की कोशिश कर रहे थें। अदालत ने उन्हें पुलिस हिरासत में भेज दिया है।

Image

सांकेतिक फोटो

Photo : iStock

Osman Hadi Murder Case: बांग्लादेश के राजनीतिक कार्यकर्ता उस्मान हादी की हत्या के मामले में पश्चिम बंगाल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। राज्य पुलिस के विशेष कार्य बल (STF) ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी बांग्लादेश से फरार होकर अवैध रूप से भारत में घुस आए थे। वे सीमावर्ती इलाके में छिपने की कोशिश कर रहे थे। आरोपियों का इरादा वापस बांग्लादेश घुसने का था, लेकिन पुलिस ने उन्हें पहले ही दबोच लिया।

पिछले साल दिसंबर में हुई हादी की हत्या

जानकारी के अनुसार बांग्लादेश में पिछले साल दिसंबर में ‘इंकलाब मंच’ के छात्र नेता और प्रवक्ता उस्मान हादी की ढाका में हत्या हो गई थी। उन्हें गोली मारी गई थी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें बेहतर इलाज के लिए सिंगापुर के अस्पताल लाया गया। लेकिन इलाज के दौरान 18 दिसंबर को उनकी मौत हो गई। बांग्लादेश में हादी की हत्या के बाद वहां व्यापक हिंसा हुई थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को उत्तर 24 परगना जिले के सीमावर्ती कस्बे बोंगांव से पकड़ा गया। उनकी पहचान राहुल उर्फ फैसल करीम मसूद (37) और आलमगीर हुसैन (34) के रूप में हुई है, जो क्रमशः पटुआखाली और ढाका के रहने वाले हैं। पश्चिम बंगाल एसटीएफ ने एक बयान में कहा कि दोनों आरोपियों को सात मार्च की रात को गिरफ्तार किया गया।

बयान में कहा गया कि विश्वसनीय जानकारी मिली थी कि दो बांग्लादेशी नागरिक बांग्लादेश में जबरन वसूली और हत्या जैसे गंभीर अपराध करने के बाद भाग गए थे और अवैध रूप से भारत में प्रवेश कर गए हैं। वे बोंगांव में शरण लेने की कोशिश कर रहे थे ताकि मौका मिलते ही बांग्लादेश में वापस घुस सकें। एसटीएफ ने बताया कि दोनों आरोपी मेघालय सीमा के रास्ते भारतीय सीमा में दाखिल हुए और भारत के विभिन्न स्थानों से होते हुए बोंगांव पहुंचे, जहां उनका इरादा वापस बांग्लादेश में घुसने का था। बयान में कहा गया है, ’’इस संबंध में एक विशिष्ट मामला दर्ज किया गया है।" रविवार को एक अदालत ने मसूद और हुसैन को पुलिस हिरासत में भेज दिया।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article