जम्मू: वैष्णो देवी हादसे को एक हफ्ता, दर्शनार्थियों की यात्रा जल्द शुरु करने की मांगवैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर 26 अगस्त को हुई भीषण लैंडस्लाइड को आज सात दिन पूरे हो गए हैं। इस दिल दहला देने वाले हादसे में 40 से अधिक श्रद्धालुओं की मौत हो गई थी। घटना के तुरंत बाद श्राइन बोर्ड ने यात्रा स्थगित कर दी थी।
लैंडस्लाइड पुराने ट्रैक पर हुई थी और नया ट्रैक सुरक्षित माना जा रहा है। इसके बावजूद यात्रा अब तक शुरू नहीं हो पाई है, जिससे श्रद्धालुओं में निराशा का माहौल है। हजारों यात्री जो कटरा पहुंचे थे, वे इंतजार से थककर अपने घरों को लौट चुके हैं, जबकि सैकड़ों श्रद्धालु अब भी दर्शनी गेट पर यात्रा बहाली की आस लगाए बैठे हैं। इनमें दिल्ली, बिहार, हरियाणा और पंजाब से आए यात्री भी शामिल हैं।

वैष्णो देवी की यात्रा 1 हफ्ते से बंद है
गृह मंत्री का जम्मू दौरा
आज केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जम्मू का दौरा किया। उन्होंने तवी नदी और चिनाब नदी से हुई तबाही का जायजा लिया और प्रभावित लोगों से मुलाकात की। इसके बाद उपराज्यपाल के आवास पर उच्च स्तरीय बैठक भी हुई, जिसमें श्राइन बोर्ड के सीईओ को विशेष रूप से बुलाया गया। गृह मंत्री ने हादसे और राहत कार्यों की विस्तृत जानकारी ली। माना जा रहा है कि इस बैठक के बाद यात्रा बहाली को लेकर जल्द कोई फैसला हो सकता है।
यात्रियों की अपील
टाइम्स नाउ नवभारत की टीम ने हादसे के एक हफ्ते बाद दर्शनी गेट से जमीनी हालात का जायजा लिया और श्रद्धालुओं से बातचीत की। यात्रियों ने प्रशासन से मांग की है कि यात्रा को शीघ्र शुरू किया जाए, ताकि उनकी आस्था का सफर आगे बढ़ सके।
