शहर

Odisha News: ओडिशा में मूसलाधार बारिश का तांडव, डीप डिप्रेशन से बिगड़े हालात, कई जिलों में सड़कें और फसलें डूबीं

Odisha News: ओडिशा के खोरधा स्थित बाणपुर में मूसलाधार बारिश के बाद बाढ़ जैसी स्थिति है। बाणपुर-बालूगांव मार्ग बंद हो गया है और फसलें डूब गई हैं। राज्य भर में 10,000 से अधिक लोग सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाए गए हैं।

Image

खोरधा में बाढ़ जैसे हालात

Photo : ANI

Odisha News: बंगाल की खाड़ी में उठे 'डीप डिप्रेशन' यानी गहरे दबाव के क्षेत्र के कारण ओडिशा के कई इलाकों में मूसलाधार बारिश का कहर जारी है। खोरधा जिले के बाणपुर इलाके में स्थिति काफी गंभीर हो गई है, जहां भारी बारिश के कारण बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई है।

सड़क संपर्क कटा, रिहाइशी इलाकों और खेतों में घुसा पानी

बाणपुर क्षेत्र में बाढ़ का पानी मुख्य सड़कों और निचली बस्तियों में प्रवेश कर गया है। बाणपुर-बालूगांव मुख्य मार्ग जलमग्न हो जाने के कारण आवागमन पूरी तरह से ठप हो गया है। इसके अलावा, कई जिलों में धान के खेत जलमग्न हो चुके हैं, जिससे स्थानीय किसानों को फसलों के बड़े नुकसान का सामना करना पड़ रहा है।

10,000 से अधिक लोग सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट

आंध्र प्रदेश के कलिंगपटनम तट को पार करने के बाद डीप डिप्रेशन अब कमजोर होकर डिप्रेशन में बदल गया है और नुआपाड़ा के पास केंद्रित है। इसके बावजूद राज्य के दक्षिणी और आंतरिक जिलों में स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। भूस्खलन और निचले इलाकों में बाढ़ के खतरे को देखते हुए प्रशासन ने 10,000 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर बनाए गए राहत शिविरों में पहुंचाया है। बंशधारा, बैतरणी, जालका और बूढ़ाबलंग जैसी प्रमुख नदियां कई स्थानों पर खतरे के निशान को पार कर गई हैं। सबसे ज्यादा प्रभावित जिलों, जिसमें नवरंगपुर, मलकानगिरि और कोरापुट शामिल हैं, यहां प्रशासन ने सभी स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों को बंद करने के निर्देश दिए हैं।

नवरंगपुर के तेतुलिखुंटी में रिकॉर्ड 395 मिमी बारिश

बारिश के आंकड़ों की बात करें तो नवरंगपुर जिले के तेतुलिखुंटी में पिछले 24 घंटों के दौरान 395 मिमी की रिकॉर्ड बारिश दर्ज की गई है। वहीं, नंदाहांडी में 344 मिमी और कोरापुट के बोरीगुमा में 307.8 मिमी बारिश हुई है। ब्रह्मपुर शहर के कई हिस्सों में भी गंभीर जलभराव देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 12 से 24 घंटों तक राज्य के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है, जिसके चलते जिला प्रशासनों और आपदा मोचन बलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article