आम आदमी पार्टी (आप) की पंजाब इकाई के अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने मंगलवार को कहा कि पंजाब में इस साल पराली जलाने के मामलों में करीब 95 फीसदी की कमी आई है। उन्होंने केंद्रीय शोध संस्थानों के आंकड़ों का हवाला देते हुए भाजपा को चुनौती दी कि वह बताए कि पंजाब की पराली का धुआं सिर्फ 20 मिनट में दिल्ली कैसे पहुंच सकता है। अरोड़ा ने कहा कि 9 नवंबर को दिल्ली के पीएम 2.5 प्रदूषण में पराली के धुएं का योगदान महज 5 फीसदी था। इसके बावजूद भाजपा वैज्ञानिक आंकड़ों को नजरअंदाज कर दिल्ली के प्रदूषण के लिए पंजाब के किसानों को जिम्मेदार ठहरा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा पंजाब से नफरत करती है, इसलिए वह किसानों को बदनाम करने का अभियान चला रही है।
पंजाब के AAP अध्यक्ष का बयान
भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (IARI) की CREAMS प्रयोगशाला के आंकड़ों के अनुसार, पंजाब में वर्ष 2020 में पराली जलाने के 83,002 मामले दर्ज किए गए थे, जबकि 2025 में यह संख्या घटकर 5,114 रह गई थी। मौजूदा सीजन में अब तक 4,657 मामले दर्ज किए गए हैं, जो 2020 के मुकाबले करीब 95 फीसदी कम हैं। अरोड़ा ने कहा, “यह कमी पंजाब के किसानों के पूरे सहयोग से संभव हुई है। भगवंत सिंह मान सरकार ने किसानों को पराली प्रबंधन के लिए व्यावहारिक विकल्प और जरूरी साधन उपलब्ध कराए हैं। इन प्रयासों की सराहना करने की बजाय भाजपा उन्हीं किसानों को बदनाम कर रही है।”
वायु गुणवत्ता एवं मौसम पूर्वानुमान प्रणाली (SAFAR) तथा भारतीय उष्णदेशीय मौसम विज्ञान संस्थान (IITM) के आंकड़ों के अनुसार, 8 नवंबर को दीपावली के दिन दिल्ली के पीएम 2.5 में पराली का योगदान 7.8 फीसदी था, जो 9 नवंबर को घटकर 5 फीसदी रह गया। सीजन के दो दिनों को छोड़कर बाकी अवधि में इसका औसत योगदान 4 से 5 फीसदी के बीच रहा। अरोड़ा ने कहा कि ऊर्जा, पर्यावरण और जल परिषद (CEEW) के शोध और निर्णय सहायता प्रणाली (DSS) की रिपोर्टें दिल्ली के प्रदूषण में स्थानीय स्रोतों के अहम योगदान को उजागर करती हैं। भाजपा इन वैज्ञानिक साक्ष्यों को जानबूझकर नजरअंदाज कर रही है।
अमन अरोड़ा बोले- BJP पंजाब से करती है नफरत
पराली प्रबंधन के लिए राज्य सरकार के प्रयासों का ब्योरा देते हुए अरोड़ा ने बताया कि वर्ष 2022 से अब तक किसानों, पंचायतों, किसान उत्पादक संगठनों (FPO) और कस्टम हायरिंग सेंटरों को 1.62 लाख से अधिक मशीनें सब्सिडी पर दी गई हैं। इनमें से 25,917 मशीनें इसी साल उपलब्ध कराई गई हैं। उन्होंने कहा कि भगवंत मान सरकार लगभग 1.14 करोड़ टन पराली का खेतों में ही और 78 लाख टन पराली का खेतों से बाहर वैज्ञानिक तरीके से प्रबंधन कर रही है। पंजाब ऊर्जा विकास एजेंसी (PEDA) के माध्यम से पराली को ईंधन के रूप में इस्तेमाल करने वाले 83 औद्योगिक बॉयलर चालू हैं और 16 अन्य लगाए जा रहे हैं। पराली से पेलेट बनाने वाली 78 परियोजनाएं चालू हैं, जबकि 69 अन्य विकास के विभिन्न चरणों में हैं। इसके अलावा 11 बायोमास बिजली संयंत्र और 9 संपीड़ित बायोगैस (CBG) संयंत्र चालू हैं।
अरोड़ा ने भाजपा नेताओं कपिल मिश्रा और मनजिंदर सिंह सिरसा के बयानों को निराधार बताया। उन्होंने पंजाब भाजपा नेताओं सुनील जाखड़ और केवल सिंह ढिल्लों से अपना रुख स्पष्ट करने को कहा। उन्होंने सवाल उठाया कि जब उपग्रह से पहले ही निगरानी हो रही है, तो भाजपा ड्रोन से निगरानी कर किसानों को क्यों डरा रही है। उन्होंने मांग की कि भाजपा पंजाब के किसानों को बदनाम करने के लिए बिना शर्त माफी मांगे। धान खरीद पर अरोड़ा ने कहा कि केंद्र द्वारा मंजूर करीब 40,000 करोड़ रुपये की नकद ऋण सीमा (CCL) का पूरा उपयोग हो चुका है। धान की भरपूर पैदावार को देखते हुए इसमें तत्काल बढ़ोतरी की जरूरत है, ताकि खरीद और भुगतान निर्बाध जारी रहे।
