देश

रामपुर CRPF कैंप अटैक के दोषी मोहम्मद शरीफ को अज्ञात बदमाशों ने मारी गोली, 8 जवानों की ली थी जान

उत्तर प्रदेश के रामपुर में 2008 के CRPF कैंप आतंकी हमले के मामले में दोषी मोहम्मद शरीफ पर अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग कर दी। हमले में वह घायल हो गया और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, हमलावरों ने उसे करीब 16 गोलियां मारीं। शरीफ को 2019 में मौत की सजा सुनाई गई थी, लेकिन अक्टूबर 2025 में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने उसकी मौत की सजा रद्द कर दी थी। जेल से बाहर आने के करीब एक साल बाद उस पर हमला हुआ है।

Image

2008 CRPF आतंकी हमले के दोषी पर जानलेवा हमला, रामपुर में अज्ञात हमलावरों ने बरसाईं गोलियां। istock

उत्तर प्रदेश के रामपुर में 2008 के सीआरपीएफ कैंप पर हुए आतंकी हमले के मामले में दोषी ठहराए गए मोहम्मद शरीफ को अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी। मंगलवार (10 नवंबर) को हुई इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक, गोली लगने से घायल शरीफ को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी है।

अज्ञात हमलावरों ने मोहम्मद शरीफ पर की फायरिंग

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मोहम्मद शरीफ पर हमला करने वाले बदमाश वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के हवाले से कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि शरीफ को करीब 16 गोलियां मारी गईं। हालांकि, इस दावे की आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है। पुलिस ने हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए तलाश शुरू कर दी है।

2019 में सुनाई गई थी चार दोषियों को फांसी की सजा

इस मामले में रामपुर की अदालत ने नवंबर 2019 में मोहम्मद शरीफ समेत छह आरोपियों को दोषी ठहराया था। इनमें चार आरोपियों को मौत की सजा सुनाई गई थी। शरीफ के अलावा दो पाकिस्तानी नागरिक भी इस मामले में दोषी ठहराए गए थे।

हालांकि, अक्टूबर 2025 में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने पुलिस जांच और सबूतों से जुड़ी खामियों का हवाला देते हुए चार आरोपियों की मौत की सजा रद्द कर दी थी। हाईकोर्ट ने आरोपियों को मुख्य आतंकी हमले के आरोपों से बरी करते हुए प्रतिबंधित हथियार रखने के मामले में आर्म्स एक्ट के तहत 10 साल की कठोर कैद और एक लाख रुपये जुर्माने की सजा सुनाई थी।

जेल से बाहर आने के बाद हुआ हमला

मोहम्मद शरीफ रामपुर के बदनपुरी-खजुरिया गांव का रहने वाला था। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, वह सुहैल, साजिद, अनवर और अली जैसे नामों से भी जाना जाता था। उसे मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद जेल भेजा गया था। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, वह पिछले साल नवंबर में जेल से बाहर आया था।
Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article