शहर

डीप डिप्रेशन और पश्चिमी विक्षोभ का डबल अटैक, यूपी-उत्तराखंड में भारी बारिश का अलर्ट, दिल्ली समेत इन राज्यों में छाएंगे बादल

Aaj Ka Mausam 26 September: 26 सितंबर को देश के कई राज्यों में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। मौसम विभाग ने उत्तराखंड और यूपी में अत्यंत भारी बारिश तथा दिल्ली, बिहार, झारखंड में यलो अलर्ट जारी किया है। जानें आपके शहर में कैसा रहेगा हाल।

Image

आज देश के कई इलाकों में होगी बारिश

Aaj Ka Mausam 26 September 2026: देश के कई राज्यों में आज, शनिवार बारिश का दौर जारी रहने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, दक्षिण ओडिशा और छत्तीसगढ़ के ऊपर बना डीप डिप्रेशन अब कमजोर होकर डिप्रेशन में बदल चुका है और उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है। इसके साथ ही एक नया पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) भी सक्रिय है। इन दोनों मौसमी प्रणालियों के संयुक्त प्रभाव से उत्तर भारत, पूर्वी भारत और मध्य भारत के कई हिस्सों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश की संभावना है।

आज कहां होगी सबसे ज्यादा बारिश?

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, बारिश का मुख्य क्षेत्र अब उत्तर और उत्तर-पश्चिम भारत की ओर खिसक रहा है। पूर्वी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में आज अत्यंत भारी बारिश का अनुमान जताया गया है। पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ, ओडिशा, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में इन क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश होने का अलर्ट है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, उत्तराखंड और पश्चिमी मध्य प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना बनी हुई है।

उत्तराखंड: चारधाम यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी, रेड अलर्ट लागू

उत्तराखंड में मौसम विभाग ने 26 और 27 सितंबर को बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक सीएस तोमर के अनुसार, अल्मोड़ा, चमोली, रुद्रप्रयाग, पौड़ी और देहरादून में भारी बारिश की आशंका को देखते हुए ऑरेंज और रेड अलर्ट जारी किए गए हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने चमोली और रुद्रप्रयाग जाने वाले तीर्थयात्रियों से अपील की है कि वे खराब मौसम के चलते फिलहाल अपनी यात्रा स्थगित कर दें और मौसम साफ होने तक सुरक्षित स्थानों पर ही ठहरें।

उत्तर प्रदेश और दिल्ली-NCR का हाल

पूर्वी यूपी की बात करें आज 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और मूसलाधार बारिश का अनुमान है। वहीं, रविवार को पश्चिमी यूपी में बारिश का जोर अधिक रहेगा। वहीं दिल्ली-NCR में भी बादलों का डेरा रहेगा। मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी करते हुए शनिवार से अगले तीन दिनों तक हल्की से मध्यम स्तर की बारिश, बिजली कड़कने और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई है। इससे तापमान में भी गिरावट देखने को मिलेगी।

बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल का मौसम

बिहार के 19 जिलों, जिनमें पटना, चंपारण, सिवान, गया, रोहतास शामिल हैं, वहां आज बारिश और वज्रपात का यलो अलर्ट जारी किया गया है। 27 सितंबर से मौसम सामान्य होने की उम्मीद है। वहीं झारखंड के लातेहार, लोहरदगा, गुमला और सिमडेगा में बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है, जबकि 14 जिलों में यलो अलर्ट जारी है। पश्चिम बंगाल की बात करें तो दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, जलपाईगुड़ी और आसपास के जिलों में शनिवार तक भारी बारिश का अनुमान है। वहीं छत्तीसगढ़ के कई जिलों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article