आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की दुनिया में तेजी से आगे बढ़ रही कंपनी एंथ्रोपिक अब शेयर बाजार में उतरने की तैयारी कर रही है। क्लॉड (Claude) चैटबॉट बनाने वाली इस अमेरिकी कंपनी का आईपीओ करीब 1,300 अरब डॉलर के मूल्यांकन पर आने की उम्मीद है। कंपनी इस आईपीओ के जरिए 61 अरब डॉलर से ज्यादा जुटा सकती है। खास बात यह है कि एंथ्रोपिक अपने प्रतिद्वंद्वी OpenAI से पहले शेयर बाजार में सूचीबद्ध हो सकती है।
70 से 78 डॉलर के बीच होगी शेयर की कीमत
एंथ्रोपिक ने मंगलवार को दाखिल नियामकीय दस्तावेज में बताया कि वह आईपीओ के तहत 82.5 करोड़ शेयर जारी करेगी। इसके लिए प्रति शेयर 70 से 78 डॉलर का प्राइस बैंड तय किया गया है। अगर शेयर की कीमत इस दायरे के बीच यानी 74 डॉलर रहती है, तो कंपनी 61 अरब डॉलर से अधिक की रकम जुटा सकती है। कंपनी के इसी महीने अमेरिकी शेयर बाजार में सूचीबद्ध होने की संभावना है। इसके शेयर नैस्डैक ग्लोबल सेलेक्ट मार्केट में 'ANT' नाम से कारोबार कर सकते हैं।
तेजी से बढ़ रहा है कंपनी का कारोबार
एंथ्रोपिक का राजस्व पिछले कुछ समय में तेजी से बढ़ा है। कंपनी की ओर से पहले दाखिल किए गए दस्तावेजों के मुताबिक, चालू वर्ष की पहली छमाही में उसका राजस्व सालाना आधार पर करीब 14 गुना बढ़कर 16 अरब डॉलर से ज्यादा हो गया। हालांकि, इतनी तेज वृद्धि के बावजूद कंपनी अभी मुनाफे में नहीं आई है। आईपीओ के जरिए जुटाई जाने वाली रकम का इस्तेमाल कंपनी अपने कारोबार और एआई तकनीक के विकास को आगे बढ़ाने में कर सकती है।
OpenAI से पहले शेयर बाजार में उतरने की तैयारी
एंथ्रोपिक की स्थापना 2021 में OpenAI के कुछ पूर्व अधिकारियों ने की थी। कंपनी का सबसे चर्चित प्रोडक्ट Claude AI चैटबॉट है। एआई बाजार में इसकी सीधी प्रतिस्पर्धा ChatGPT बनाने वाली OpenAI से है। इसके अलावा Google, अमेरिका और चीन के कई स्टार्टअप और SpaceX भी इस क्षेत्र में सक्रिय हैं।
AI की रफ्तार को लेकर CEO ने जताई चिंता
एंथ्रोपिक के CEO डारियो अमोडेई एआई के तेजी से विकास के साथ उसकी सुरक्षा को लेकर भी चिंता जता चुके हैं। सितंबर में उन्होंने कहा था कि एआई उद्योग को विकास की रफ्तार कुछ धीमी करनी चाहिए, ताकि सुरक्षा उपायों पर पर्याप्त ध्यान दिया जा सके। उन्होंने चेतावनी दी थी कि ऐसा नहीं हुआ तो अगले 6 से 12 महीनों में एआई ऐसे एजेंट विकसित कर सकता है, जो पूरे इंटरनेट पर नियंत्रण हासिल करने में सक्षम हों।
