देश

'वह मेरी सास का पोता, लेकिन पहले मेरा बेटा है...', राहुल के नामकरण पर इंदिरा गांधी से क्यों नाराज हुई थीं सोनिया गांधी?

सोनिया गांधी ने अपनी किताब 'Belonging: A Journey of Love' में राहुल गांधी के बचपन से जुड़े कई अनसुने किस्से साझा किए हैं। उन्होंने बताया कि राहुल अपनी दादी इंदिरा गांधी के बेहद करीब थे। इंदिरा उनके साथ खेलती थीं और बीमार होने पर उनकी चिंता करती थीं। सोनिया ने राहुल के नामकरण समारोह का किस्सा भी बताया, जब तैयारियों में शामिल नहीं किए जाने पर वह नाराज हो गई थीं। बाद में इंदिरा गांधी ने अपनी गलती मानते हुए उनसे माफी मांगी थी।

Image

राहुल की एक मुस्कान से दूर हो जाती थी इंदिरा गांधी की थकान, सोनिया ने किताब में खोले बचपन के राज।

Sonia Gandhi Book: राहुल गांधी का जन्म दुबले-पतले बच्चे के रूप में हुआ था, लेकिन बड़े होने पर वह गोल-मटोल हो गए थे। वह पूरे परिवार के लिए, खासकर अपनी दादी इंदिरा गांधी के लिए खुशी का सबब थे। दिनभर की थकान और व्यस्तता के बाद राहुल को देखकर उनकी दादी के चेहरे पर मुस्कान आ जाती थी। सोनिया गांधी ने अपने संस्मरण 'बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव' Belonging A Journey of Love में ये यादें साझा की हैं।

सोनिया ने लिखा है कि तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा पोते राहुल को गोद में उठाती थीं और उनके साथ खेलती थीं। इस दौरान राहुल उन्हें पकड़ लेते थे या उनकी साड़ी अथवा बाल खींचते थे, जिससे वह खिलखिलाकर हंस पड़ती थीं।

गांधी ने मंगलवार को बाजार में आई अपनी पुस्तक में लिखा, ''राहुल हम सभी, लेकिन खासकर अपनी दादी के लिए खुशी का सबब थे। अगर वह थकी हुई या तनाव में घर लौटती थीं, तो राहुल की एक मुस्कान या किलकारी तुरंत उनका मन खुश कर देती थी और उनके चेहरे पर स्नेहभरी मुस्कान ला देती थी।''

राहुल के बीमार होने पर परेशान हो जाती थीं इंदिरा गांधी

उन्होंने लिखा, ''जब राहुल घुटनों के बल चलने लगे, तो उनकी दादी उन्हें खेलने के घेरे से बाहर निकालती थीं, खुद भी घुटनों और हाथों के बल चलती थीं और पोते के साथ खेलती थीं। अगर राहुल बीमार पड़ जाते, तो वह परेशान हो जाती थीं और काम के दौरान भी संदेश भेजकर उनका हालचाल पूछती थीं या उन्हें बेहतर महसूस कराने के तरीके सुझाती थीं।'' राजीव और सोनिया की पहली संतान की मृत्यु के एक साल से कुछ अधिक समय बाद राहुल का जन्म हुआ था। वह जल्द ही गांधी परिवार के सबसे लाडले सदस्य बन गए।

राहुल के नामकरण की तैयारियों पर सोनिया को हुआ था गुस्सा

राहुल के औपचारिक नामकरण समारोह की तैयारियां चल रही थीं, तभी सोनिया ने देखा कि उनकी सास अपनी सचिव उषा भगत को बता रही थीं कि समारोह की व्यवस्था कैसे की जानी चाहिए और राहुल को कौन से कपड़े पहनाए जाने चाहिए।

उन्होंने लिखा, ''ऐसा लग रहा था जैसे इस मामले में मां होने के नाते मेरी कोई भूमिका ही नहीं थी। मैंने एक-दो दिन तक अपनी नाराजगी मन में दबाए रखी और फिर आखिरकार अपना गुस्सा जाहिर कर दिया। मैंने राजीव से कहा कि मैं यह सब बर्दाश्त नहीं करूंगी। 'बच्चा आपकी मां का पोता हो सकता है, लेकिन सबसे पहले वह मेरा बेटा है'!''

इंदिरा गांधी ने सोनिया से मांगी थी माफी, प्यार से चूमा गाल

सोनिया ने लिखा कि जब राजीव ने अपनी मां को उनकी भावनाओं के बारे में बताया, तो वह कुछ झेंप गईं। उन्होंने पुस्तक में याद किया, ''मैंने उनसे (इंदिरा गांधी) साफ-साफ कहा कि मैं नाराज थी और मुझे यह जानने का पूरा अधिकार था कि मेरे बेटे के लिए क्या तैयारियां की जा रही हैं।

उन्होंने जवाब दिया कि वह हमेशा से सभी चीजों की जिम्मेदारी संभालने की इतनी आदी रही हैं कि उन्होंने इस बारे में सोचा ही नहीं और अपने आप तैयारियों में जुट गईं। उन्होंने कहा, 'मेरा तुम्हें दुख पहुंचाने का कभी इरादा नहीं था। मुझे माफ कर दो।' वहां से जाने से पहले उन्होंने मेरे गाल को प्यार से चूमा।''

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article