अल अमेरात: सलामी बल्लेबाज आर्यवीर सहवाग ने अंडर-19 एशिया कप के करो या मरो के मुकाबले में अपने पिता और भारत के पूर्व विस्फोटक बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग से किया बड़ा शतक जड़ने का वादा मंगलवार को 160 रन की शानदार पारी खेलकर पूरा किया। आर्यवीर की 168 गेंद में 17 चौकों और सात छक्कों की मदद से खेली गयी पारी से भारत ने यूएई को 70 रन से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई।
पूरा किया पिता से किया वादा
आर्यवीर ने मैच के बाद कहा,'मैं इस मुकाबले में बड़ी पारी खेलना चाहता था। मैंने आज बड़ा स्कोर बनाने का वादा किसी से किया था और खुशी है कि मैं उसे पूरा कर सका। वह कोई और नहीं, बल्कि मेरे पिता वीरेंद्र सहवाग हैं। मैंने उनसे कहा था कि मैं बड़ा शतक बनाऊंगा। मुझे अपने पिता की विरासत को आगे बढ़ाना है क्योंकि उन्हें सिर्फ बड़े शतक ही पसंद हैं।'
पहले रन के लिए करना पड़ा 14 गेंद का इंतजार
आर्यवीर को अपना पहला रन बनाने के लिए 14 गेंदों का इंतजार करना पड़ा। इसके बावजूद उन्होंने धैर्य नहीं खोया और 69 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। इसके बाद उन्होंने अपनी पारी को गति देते हुए 131 गेंदों में युवा वनडे क्रिकेट का अपना पहला शतक जड़ दिया। उन्होंने कहा,'गेंद थोड़ी टर्न ले रही थी। ऐसे में मैंने शुरुआत से ही लंबी पारी खेलने और करीब 40 ओवर तक क्रीज पर टिके रहने का लक्ष्य बनाया था। पिच पर कुछ चुनौतियां थीं, लेकिन मैंने डॉट गेंदों को लेकर ज्यादा चिंता नहीं की। मुझे भरोसा था कि मैं बाद में इसकी भरपाई कर लूंगा।'
अच्छा था बल्लेबाजी के लिए विकेट
भारत ने सात विकेट पर 309 रन बनाये जिसे कप्तान लक्ष्य रायचंदानी ने बेहतर स्कोर करार दिया। उन्होंने कहा,'पारी के अंतिम चरण में स्पिन गेंदबाजों ने कुछ चुनौती पेश की, इसके बावजूद टीम अच्छा स्कोर खड़ा करने में सफल रही। विकेट बल्लेबाजी के लिए अच्छा था।'
(भाषा)
