शहर

Noida Fire: नोएडा की अरण्या सोसाइटी में लगी भीषण आग; 21वें फ्लोर पर धूं-धूं कर जला फ्लैट, दूर तक दिखा काले धुएं का गुबार

Noida Fire News: नोएडा के सेक्टर 119 स्थित अरण्या सोसाइटी की 21वीं मंजिल पर भीषण आग लग गई। एसी ब्लास्ट के कारण लगी इस आग को बुझाने के लिए दमकल की 6 गाड़ियां मौके पर पहुंची और आखिरकार आग पर काबू पा लिया गया।

Image

एसी में ब्लास्ट से लगी आग

Photo : Times Now Digital

Noida Fire News: दिल्ली से सटे शहर नोएडा की हाईराइज सोसायटियों में आग लगने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला नोएडा के सेक्टर 119 स्थित 'द अरण्या सोसाइटी' (The Aranya Society) से सामने आया है, जहां एक बहुमंजिला इमारत के 21वें फ्लोर पर भीषण आग लग गई। आग इतनी जबरदस्त थी कि फ्लैट की खिड़कियों से उठती लपटें और काले धुएं का गुब्बार दूर-दूर से ही साफ देखा जा सकता था। घटना के बाद पूरी सोसाइटी के निवासियों में हड़कंप मच गया और लोग आनन-फानन में अपने घरों से नीचे की ओर भागे।

AC ब्लास्ट बनी आग की वजह

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, यह हादसा फ्लैट में लगे एयर कंडीशनर (AC) में हुए जोरदार ब्लास्ट के कारण हुआ था। भीषण गर्मी के इस मौसम में लगातार चल रहे एसी के कंप्रेसर फटने या शॉर्ट सर्किट की वजह से यह धमाका हुआ, जिसने देखते ही देखते पूरे फ्लैट को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम को दी गई। इस मामले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी संज्ञान लिया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वह तुरंत मौके पर पहुंचें।

मुख्यमंत्री ने राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने और घायलों को उचित इलाज उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने प्रशासन से आग लगने की घटनाओं के प्रति हर स्तर पर सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।

हाईराइज बिल्डिंग की 21वीं मंजिल पर आग लगने की संवेदनशीलता को देखते हुए फायर डिपार्टमेंट ने तुरंत मोर्चा संभाला और आग को बुझाने और उसे दूसरे फ्लैट्स में फैलने से रोकने के लिए लगातार जद्दोजहद की और आखिरकार आग पर काबू पा लिया गया।

आग पर काबू पाया गया

राहत की बात यह है कि शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक इस हादसे में फिलहाल किसी के फंसे होने या किसी जनहानि की सूचना नहीं है। अब आग पर काबू पा लिया गया है। आग लगते ही मुस्तैदी दिखाते हुए आसपास के फ्लैटों को खाली करा लिया गया था। पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीमें भी मौके पर मौजूद हैं और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article