नोएडा

New Noida: लैंड यूज में बदलाव के लिए DNGIR बोर्ड का करेगा रुख, शासन से तय होगी जमीन अधिग्रहण की प्रकिया

न्यू नोएडा बसाने के लिए लैंड यूज में बदलाव के लिए दादरी नोएडा गाजियाबाद इन्वेस्टमेंट रीजन (DNGIR) बोर्ड के पास जाएगा। जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया शासन तय करेगा।

Image

न्यू नोएडा सिटी

Photo : BCCL

नोएडा: न्यू नोएडा को बसाने की कवायद तेज कर दी गई है। बोर्ड की बैठक में मास्टर प्लान 2041 को लेकर आई सभी 19 आपत्तियों का निपटारा कर दिया गया है। अब वहां जमीन का अधिग्रहण कैसे किया जाए इसका प्लान खाका तैयार किया जाएगा। इसके लिए बॉयलाज में नियमित बदलाव किया जाएगा। क्योंकि वर्तमान में जहां न्यू नोएडा के लिए जमीन पर स्कूल या अस्पताल बने हैं, वहां औद्योगिक ईकाइयां पास में है। इसलिए भू प्रयोग में बदलाव के साथ ही अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। यही कारण है कि फाइल को दोबारा से बोर्ड में रखकर मास्टर प्लान-2041को पास किया जाएगा।

जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया तय नहीं

दादरी नोएडा गाजियाबाद इन्वेस्टमेंट रीजन में 80 गांव सम्मिलित हैं। यहीं पर नई सिटी बसाने के लिए जमीन खरीदी जानी है। लिहाजा, अब इस मास्टर प्लान को इसी महीने होने वाली बोर्ड बैठक में मंजूरी के लिए रखा जाएगा, जिसके बाद जो भी चर्चा में आखिरी मसौदा तैयार होगा उसे शासन को भेजा जाएगा। वहीं, दूसरी ओर नए नोएडा के लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया क्या होगी, यह अभी तय नहीं हो सका है। संभावना है कि नोएडा में पहले जिस अधिग्रहण की प्रक्रिया को अपनाया गया था उसी के आधार पर इसे भी आगे बढ़ाया जाएगा। यहां पर प्राधिकरण सीधे किसानों से सहमति के अलावा जिला प्रशासन के जरिए धारा-4 व 6 प्रक्रिया के तहत भी जमीन लेता रहा है।

सीईओ ने किया निरीक्षण

नोएडा प्राधिकरण के सीईओ डॉ. लोकेश एम ने सेक्टर-137 से लेकर बरौला, सलारपुर एरिया का निरीक्षण किया था। इस दौरान सड़क और फुटपाथ की सफाई व्यवस्था पूरी तरह खराब मिली। इस पर उन्होंने मैकेनिकल स्वीपिंग एजेंसी को ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश दिए थे। वहीं, जन स्वास्थ्य विभाग की निगरानी भी सही नहीं मिली। इस पर सीईओ ने जोन के प्रभारी इंजीनियर को नोटिस जारी करने के लिए कहा। सीईओ ने देखा कि जिस जगह एनएसइजेड की तरफ भंगेल एलिवेटेड रोड उतरेगा, वहां पुल की चौड़ाई कम है। वहां पर सीईओ ने जरूरी काम कराने के निर्देश दिए।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article