जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। सुरनकोट के शेलधर इलाके में एक वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से फिसलकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में दो महिलाओं समेत छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हुए हैं। घायलों में एक बच्चा भी शामिल है, जिसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने पुंछ के सुरनकोट में हुए दुखद सड़क हादसे पर गहरा दुख जताया है
राहत बचाव कार्य जारी
पुंछ के डिप्टी कमिश्नर अशोक कुमार शर्मा ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही तत्काल बचाव अभियान शुरू किया गया। स्थानीय प्रशासन और राहत दलों ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुंछ के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. परवेज खान के मुताबिक, पुलिस कंट्रोल रूम (PCR) से हादसे की सूचना मिली थी। इसके बाद 108 एंबुलेंस सेवा के साथ अतिरिक्त एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन संसाधनों को तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।
हादसे में जान गंवाने वाले छह लोगों के शव जिला अस्पताल लाए गए। मृतकों में चार पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार, मृतकों की उम्र करीब 20 से 25 वर्ष के बीच बताई जा रही है। हादसे के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस और प्रशासन की ओर से घटना की जांच की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने उमर अब्दुल्ला पुंछ के सुरनकोट में हुए दर्दनाक सड़क हादसे पर गहरा दुख जताया है। इस हादसे में छह लोगों की मौत हुई और कई अन्य घायल हुए हैं। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और अधिकारियों को घायलों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री कार्यालय संबंधित अधिकारियों के लगातार संपर्क में है और प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।
