देश

'हर हाल में मिले एक-एक भारतीय', नेपाल त्रासदी पर राष्ट्रपति से लेकर गृहमंत्री तक चिंतित, विपक्ष ने उठाई आपात रेस्क्यू की मांग

नेपाल के रसुवा इलाके में भोटेकोशी नदी में आई विनाशकारी बाढ़ के कारण मची तबाही पर भारत में गहरा शोक जताया जा रहा है। बाढ़ में 105 से अधिक भारतीयों और 37 एनआरआई समेत लगभग 400 लोग लापता हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन, गृहमंत्री अमित शाह, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने इस त्रासदी पर गहरा दुख व्यक्त किया है।

Image

नेपाल में जलप्रलय से तबाही पर भारतीय नेताओं ने जताया दुख

Photo : ANI

पड़ोसी देश नेपाल में अचानक आई बाढ़ और कुदरत के कहर ने भारी तबाही मचाई है। नेपाल के रसुवा जिले में भोटेकोशी नदी में आई इस अचानक बाढ़ में 22 से अधिक लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 105 भारतीय नागरिकों और 37 एनआरआई (NRI) समेत लगभग 400 लोग लापता हैं। लापता लोगों में बड़ी संख्या में भारतीय तीर्थयात्री भी शामिल हैं। नेपाल में आई इस त्रासदी पर भारत के राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और विपक्षी नेताओं ने गहरा दुख जताया है और लापता भारतीयों की सुरक्षित वापसी के लिए केंद्र सरकार से तुरंत कदम उठाने की मांग की है।

भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने नेपाल के राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल और वहां की जनता के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की। राष्ट्रपति ने कहा कि इस कठिन समय में भारत नेपाल के साथ पूरी एकजुटता के साथ खड़ा है और प्रभावित लोगों के राहत व बचाव कार्यों में हर संभव मदद देने के लिए तैयार है। वहीं, उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने भी इस जलप्रलय पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने और लापता लोगों के सुरक्षित मिलने की प्रार्थना की।

उपराष्ट्रपति ने भी जताया शोक

उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने बुधवार को नेपाल में अचानक आई बाढ़ से हुई लोगों की मौत एवं तबाही पर दुख व्यक्त किया। राधाकृष्णन ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, "नेपाल में अचानक आई बाढ़ से हुई लोगों की दुखद मौत एवं भारी तबाही से मुझे गहरा दुख हुआ है। पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं।" उन्होंने घायलों के जल्द ठीक होने और लापता लोगों को शीघ्र सुरक्षित बचाये जाने की प्रार्थना की। उन्होंने कहा, "इस मुश्किल घड़ी में हमारी संवेदनाएं नेपाल के लोगों के साथ हैं।"

बिहार और यूपी के सीएम से हुई बात-शाह

वहीं इस घटना पर भारत के गृहमंत्री अमित शाह ने लिखा: "नेपाल में आई बाढ़ की विभीषिका अत्यंत दु:खद है। जिन परिवारों ने इस आपदा में अपने प्रियजनों को खोया है, मेरी संवेदनाएं उनके साथ हैं। संकट की इस घड़ी में भारत सरकार नेपाल के साथ खड़ी है। नेपाल में आई इस आपदा के संबंध में बिहार व उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्रियों से बात की। इसका प्रभाव जिन सीमावर्ती क्षेत्रों पर पड़ सकता है, वहां के स्थानीय प्रशासन और राहत-बचाव की टीमों के साथ NDRF को भी हाई अलर्ट पर रखा गया है।"

भारतीय नागरिकों के लापता होने की खबर बेहद परेशान करने वाली-राहुल गांधी

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर अपनी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि सैकड़ों लोगों और भारतीय नागरिकों के लापता होने की खबर बेहद परेशान करने वाली है। उन्होंने भारत सरकार से आग्रह किया कि वह नेपाली अधिकारियों के साथ मिलकर लापता भारतीय नागरिकों को ढूंढने और उन्हें सुरक्षित घर वापस लाने के लिए हर संभव प्रयास करे। कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी स्थिति को दिल दहला देने वाला बताया। उन्होंने केंद्र सरकार से तुरंत एक व्यापक खोज अभियान चलाने और नेपाल के बाढ़ पीड़ितों को त्वरित मानवीय सहायता पहुंचाने की अपील की।

तमिलनाडु के करीब 50 पर्यटकों समेत कई लोग लापता-दयानिधि मारन

लोकसभा सदस्य दयानिधि मारन ने विदेश मंत्री एस. जयशंकर से बुधवार को नेपाल में आई भीषण बाढ़ में फंसे या लापता तमिलनाडु के करीब 50 लोग सहित भारतीय पर्यटकों को सुरक्षित निकालने और स्वदेश वापस लाने की अपील की। मारन ने पत्र में कहा, "खबरों के अनुसार, कई लोगों की जान चली गई है और तमिलनाडु के करीब 50 पर्यटकों समेत कई अन्य लोग अब भी लापता हैं। दुर्गम इलाकों और लगातार जारी बाढ़ के कारण बचाव अभियान बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।" उन्होंने कहा, "इस प्राकृतिक आपदा से बड़े पैमाने पर तबाही हुई है। सड़कें, पुल और अन्य महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे बह गए हैं, जिससे संचार और परिवहन नेटवर्क बुरी तरह प्रभावित हुए हैं।"

पीएम मोदी नेपाली पीएम से की फोन पर बात

इससे पहले, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह से बात कर संवेदना प्रकट की थी और भारत की ओर से राहत सामग्री और रेस्क्यू टीमों की तैनाती का आश्वासन दिया था। काठमांडू स्थित भारतीय दूतावास भी पूरी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और लापता भारतीयों के परिजनों के लिए इमरजेंसी नंबर जारी कर नेपाली सुरक्षा बलों के साथ समन्वय स्थापित कर रहा है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article