शहर

हादसा या मर्डर? Noida में छात्र की मौत पर मचा बवाल, मां ने कहा- शराब नहीं पीता था मेरा बेटा

Noida News: नोएडा सेक्टर-94 में निजी यूनिवर्सिटी के छात्र हर्षित भट्ट की मौत से हड़कंप मच गया है। पुलिस इसे हादसा बता रही है, जबकि मां ने मारपीट और हत्या का आरोप लगाया है।

Image

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

Photo : Times Now Digital

Noida News: नोएडा के सेक्टर-94 में निजी यूनिवर्सिटी के एक छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने सनसनी फैला दी है। परीक्षा खत्म होने के बाद दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने गया छात्र एक अंडरकंस्ट्रक्शन सोसाइटी के पानी से भरे गड्ढे में मृत पाया गया। जहां पुलिस इसे नशे की हालत में डूबने का मामला मान रही है, वहीं परिजनों ने हत्या का गंभीर आरोप लगाकर जांच की दिशा मोड़ दी है।

पिकनिक के दौरान हादसा या साजिश?

पुलिस के अनुसार, 23 वर्षीय हर्षित भट्ट फिजिकल एजुकेशन में ग्रेजुएशन कर रहा था। बुधवार शाम अपने तीन दोस्तों, हिमांशु, व्यास और कृष के साथ सेक्टर-94 के पास पिकनिक मनाने गया था। पुलिस उपायुक्त साद मियां खान ने बताया कि चारों ने परीक्षा के बाद साथ बैठकर शराब पी थी। इसके बाद हर्षित नशे की हालत में निर्माणाधीन सोसाइटी के एक गहरे गड्ढे में नहाने चला गया और तैरते समय डूब गया। उसे बचाने की कोशिश में उसके दोस्त भी कूदे, जिन्हें स्थानीय लोगों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। NDRF और पुलिस की टीम ने आधे घंटे की मशक्कत के बाद हर्षित का शव बाहर निकाला।

परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

हर्षित की मां ने पुलिस के दावों को सिरे से खारिज करते हुए इसे एक सोची-समझी हत्या करार दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनका बेटा शराब नहीं पीता था और उसके शरीर पर चोट के कई निशान मिले हैं। मां का दावा है कि हर्षित के साथ मारपीट की गई और फिर उसे गड्ढे में धकेल दिया गया। परिजनों की इस शिकायत के बाद पुलिस अब मामले की जांच हत्या के एंगल से भी कर रही है। छात्र के पिता लद्दाख से दिल्ली पहुंच रहे हैं, जिसके बाद मामले में और स्पष्टता आने की उम्मीद है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी जांच

बृहस्पतिवार सुबह हर्षित के शव का पोस्टमार्टम तीन डॉक्टरों के एक पैनल द्वारा किया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम की विस्तृत रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों (डूबने से या चोट लगने से) का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस ने मृतक के तीनों दोस्तों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटनास्थल के पास की बैरिकेडिंग और सुरक्षा इंतजामों की भी जांच की जा रही है ताकि यह पता चल सके कि छात्र प्रतिबंधित क्षेत्र के अंदर कैसे पहुंचे।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article