शहर

MP News: अशोकनगर के अस्पताल में नवजात बच्ची की मौत से हड़कंप, गला घोंटने के निशान, परिवार पर हत्या का शक

मध्य प्रदेश के अशोकनगर के अस्पताल में नवजात बच्ची मृत मिली। पुलिस को गला दबाकर बच्ची की हत्या करने का शक है और मां या दादी की भूमिका की जांच की जा रही है।

Image

अस्पताल में नवजात की मौत (सांकेतिक फोटो)

Photo : iStock

मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले में एक अस्पताल की स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट (SNCU) में नवजात बच्ची की कथित तौर पर गला दबाकर हत्या कर दी गई। पुलिस को शक है कि इस घटना में बच्ची की मां या दादी की भूमिका हो सकती है। शुरुआती जांच और पोस्टमार्टम में बच्ची की गर्दन पर निशान मिले हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और सबूत जुटाए जा रहे हैं।

न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार, कोतवाली थाना प्रभारी रविप्रताप सिंह चौहान ने बताया कि चंदेरी क्षेत्र के सकर्रा गांव के एक संयुक्त परिवार में शुक्रवार रात करीब 11:50 बजे बच्ची का जन्म हुआ था। जन्म के कुछ ही समय बाद उसे अस्पताल की SNCU में भर्ती कराया गया था। शनिवार दोपहर करीब 3 से 4 बजे के बीच बच्ची को यूनिट में मृत पाया गया। घटना के समय बच्ची की मां और दादी SNCU में मौजूद थीं। पुलिस अधिकारी के अनुसार, जांच में दोनों से पूछताछ की जा रही है और फिलहाल शक की सुई मां की ओर अधिक है।

SNCU में नहीं लगे थे सीसीटीवी कैमरे

PTI के अनुसार, पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टर को बच्ची की गर्दन के आसपास निशान मिले हैं, जो गला दबाए जाने की ओर इशारा करते हैं। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट अभी आने का इंतजार है। पुलिस के मुताबिक, SNCU के अंदर CCTV कैमरे नहीं लगे होने के कारण कोई वीडियो फुटेज उपलब्ध नहीं हो पाया है। जांचकर्ता बच्ची की मौत के पीछे की वजह का पता लगाने के लिए परिवार के सदस्यों के बयान दर्ज कर रहे हैं और अन्य साक्ष्य जुटा रहे हैं।

पुलिस को आशंका है कि बच्ची के परिवार में तीसरी बेटी होने के कारण उसे जान से मारने की घटना को अंजाम दिया गया हो सकता है। हालांकि, पुलिस ने अभी किसी को आरोपी घोषित नहीं किया है और जांच के आधार पर जिम्मेदार व्यक्ति की पहचान की जा रही है। पुलिस के अनुसार, बच्ची अपने माता-पिता की दूसरी बेटी थी। उसके पिता के बड़े भाई की पहली पत्नी से एक बेटी है, जबकि दूसरी पत्नी से कोई संतान नहीं है। इस तरह बच्ची परिवार की तीसरी बेटी थी।

राज्य में शिशु हत्या के मामले

रिपोर्टों के अनुसार, मध्य प्रदेश में इस तरह के मामलों की स्थिति चिंताजनक रही है। साल 2023 में देश भर में सामने आए 67 शिशु हत्याओं के मामलों में से अकेले 12 मामले मध्य प्रदेश से थे। इस मामले में राज्य हरियाणा के बाद दूसरे स्थान पर था। रिपोर्ट के अनुसार, नवजातों को छोड़ने के मामलों में मध्य प्रदेश देश में सबसे आगे था।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article