शहर

Mumbai News: स्टील पाइप के नीचे छिपाकर ले जा रहे थे पांच करोड़ का गांजा, NCB ने नागपुर में तीन तस्करों को ऐसे दबोचा

Nagpur Ganja Seizure: एनसीबी (NCB) मुंबई ने एक गुप्त सूचना के आधार पर नागपुर में बड़ी कार्रवाई करते हुए स्टील पाइपों के बीच छिपाकर ले जाया जा रहा 500 किलो गांजा जब्त किया है।

Image

NCB ने नागपुर में दबोचे 3 बड़े तस्कर

Photo : Times Now Digital

Nagpur Ganja Seizure: मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एनसीबी (NCB) मुंबई को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। खुफिया जानकारी के आधार पर एनसीबी की टीम ने महाराष्ट्र के नागपुर में एक कमर्शियल मालवाहक ट्रक को रोककर उसमें से 500 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। बाजार में जब्त किए गए इस गांजे की कुल कीमत लगभग 5 करोड़ रुपये आंकी गई है। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रक ड्राइवर, उसके साथी और मुख्य रिसीवर समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।

जांच में सामने आया है कि यह नशीला पदार्थ ओडिशा के संबलपुर से ट्रक में लोड करके लाया गया था। इस खेप को नागपुर के मुख्य रिसीवर तक पहुंचाना था, जहां से इसे आगे महाराष्ट्र के जालना और मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में सप्लाई करने की योजना थी। तस्करों का यह अंतर्राज्यीय गिरोह सुरक्षा एजेंसियों की नजरों से बचने के लिए सीधे रास्तों के बजाय कई उलझे हुए रास्तों का इस्तेमाल करता था।

गुप्त सूचना के आधार पर NCB ने की कार्रवाई

एनसीबी को सटीक जानकारी मिली थी कि पश्चिम बंगाल के रहने वाले आर.पी. गोल्डर और ए. सरकार नाम के दो व्यक्ति इस खेप को लेकर नागपुर आ रहे हैं। इसके बाद एनसीबी की टीम ने नागपुर में जाल बिछाया। रविवार सुबह जैसे ही पश्चिम बंगाल नंबर का ट्रक वहां पहुंचा, उसे चारों तरफ से घेर लिया गया। जब ट्रक में लदे सामान की तलाशी ली गई, तो इंदौर भेजे जा रहे स्टील पाइपों के बीच बेहद चालाकी से छिपाकर रखा गया 500 किलो गांजा बरामद हुआ।

क्या बोली पुलिस?

ट्रक सवारों से मौके पर की गई पूछताछ के आधार पर एनसीबी ने तत्काल जाल बिछाकर नागपुर में बैठे मुख्य रिसीवर एस.ए.एस. यूसुफ उर्फ राजाभाई को भी रंगे हाथों धर दबोचा। पुलिस के मुताबिक, राजाभाई पिछले 4-5 सालों से नशीले पदार्थों की तस्करी में सक्रिय है और उस पर पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं।

एनसीबी इस पूरे नेटवर्क की जड़ों तक पहुंचने के लिए गहराई से जांच कर रही है और अन्य साथियों की तलाश जारी है। गौरतलब है कि एनसीबी इस क्षेत्र में लगातार कार्रवाई कर रही है और इससे पहले भी गोंदिया, भंडारा और नागपुर में भारी मात्रा में गांजा जब्त कर चुकी है।

atul. Singh
अतुल सिंहauthor

मैं अतुल सिंह,मैं 14 वर्षों से अधिक समय से टीवी पत्रकारिता में विभिन्न क्षेत्रों को खबरों को कवर करने वाला अनुभवी पत्रकार हूं। वर्तमान में Times Now नवभारत के लिए principal correspondent हूं। मैंने इंडिया टीवी, ज़ी न्यूज़,IBN 7 (न्यूज़ 18),Lemon न्यूज़ जैसे प्रमुख मीडिया संगठनों के साथ भी काम किया है। मनोरंजन,नागरिक मुद्दे ,इंफ्रा,राजनीति,आम और विधानसभा चुनाव और अपराध जैसे विषयों को बखूबी कवर किया है। वर्तमान में मुम्बई ब्यूरो से जुड़ा हुआ हूं। कई राष्ट्रीय मुद्दों से जुड़े कई विशेष खबरें भी कवर किया है।

और पढ़ें
End of Article