Navi Mumbai International Airport: देश के सिविल एविएशन सेक्टर के लिए 25 दिसंबर एक ऐतिहासिक दिन बन गया, जब नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट (NMIA) ने अपनी पहली कमर्शियल अराइवल और डिपार्चर फ्लाइट्स के साथ संचालन की औपचारिक शुरुआत की। लंबे इंतजार के बाद एयरपोर्ट के रनवे पर पहली यात्री उड़ान के उतरते ही यह पल गवाह बना एक नए एयर ट्रैवल हब के जन्म का।
वॉटर सैल्यूट के साथ हुआ पहला टचडाउन
नवी मुंबई एयरपोर्ट पर सबसे पहले इंडिगो की फ्लाइट 6E460 ने बेंगलुरु से सुबह 08:00 बजे लैंडिंग की। इस मौके को खास बनाने के लिए विमान को सेरेमोनियल वॉटर कैनन सैल्यूट दिया गया, जो किसी भी एयरपोर्ट पर पहली कमर्शियल उड़ान के स्वागत की पारंपरिक एविएशन परंपरा मानी जाती है। यह दृश्य एयरपोर्ट के इतिहास में हमेशा के लिए दर्ज हो गया।
पहली डिपार्चर फ्लाइट ने भरी उड़ान
पहली अराइवल के तुरंत बाद नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट से पहली कमर्शियल डिपार्चर भी पूरी हुई। इंडिगो की फ्लाइट 6E882 सुबह 08:40 बजे हैदराबाद के लिए रवाना हुई। इसके साथ ही NMIA का पहला अराइवल-डिपार्चर साइकिल सफलतापूर्वक पूरा हो गया।
मुंबई रीजन को मिलेगी बड़ी राहत
नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शेड्यूल्ड पैसेंजर ऑपरेशन की शुरुआत को मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन (MMR) के लिए बड़ी राहत के तौर पर देखा जा रहा है। इससे छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर बढ़ते ट्रैफिक का दबाव कम होगा और यात्रियों को ज्यादा उड़ान विकल्प मिलेंगे।
देश की एविएशन क्षमता को मिलेगा विस्तार
NMIA का संचालन में आना भारत की हवाई यातायात क्षमता बढ़ाने की दिशा में अहम कदम है। आने वाले समय में यहां से घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का नेटवर्क तेजी से बढ़ने की उम्मीद है, जिससे नवी मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को भी नई रफ्तार मिलेगी।
