शहर

Nagpur: दिनदहाड़े ज्वेलरी दुकान से लाखों की लूट, बंदूक के बल पर सोने-चांदी के गहने लूटे, कर्मचारी को बाइक से घसीटा

Nagpur News: नागपुर में बदमाशों ने दिनदहाड़े पिस्टल के बल पर ज्वेलरी दुकाने से सोने-चांदी के गहने लूट लिए। चार से पांच आरोपी बाइक से पहुंचे और कर्मचारी को धमकाया। घटना CCTV में कैद हुई।

Image

नागपुर में दिनदहाड़े ज्वेलरी दुकान में लूट

Photo : Times Now Digital

Nagpur Robbery News: महाराष्ट्र के नागपुर में दिनदहाड़े ज्वेलरी दुकान से लूट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बाइक सवार बदमाशों ने बंदूक के बल पर ज्वेलरी शॉप को निशाना बनाया और वहां से सोने-चांदी के गहने लूट लिए। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। आरोपियों के भागते समय दुकान के कर्मचारी ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो बदमाशों ने उसे बाइक के साथ घसीट दिया। लूट की यह पूरी वारदात CCTV में कैद हुई। पुलिस फिलहाल मामले की जांच में जुटी है।

पिस्टल तानकर कर्मचारी को दी धमकी

जानकारी के अनुसार, यह घटना एमआईडीसी थाना क्षेत्र के वानाडोंगरी स्थित महाजनवाड़ी में धोमने ज्वेलर्स की है। पुलिस ने बताया, वारदात के समय दुकान में कर्मचारी शुभम हाडगे काम कर रहे थे। इसी दौरान बाइक पर सवार होकर आए 4 से 5 बदमाशों ने अचानक दुकान में धावा बोल दिया। आरोपियों ने कर्मचारी पर पिस्टल तान दी और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।

बदमाशों को रोकने की कोशिश में कर्मचारी घायल

बदमाशों ने पिस्टल के बल पर दुकान में रखे सोने और चांदी के गहने अपने कब्जे में ले लिए। इसके बाद लूटे गए आभूषणों को बैग में भरा और दुकान से बाहर निकल गए। लूट के बाद आरोपी बाइक से भागने लगे तो कर्मचारी शुभम हाडगे ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। उसने भाग रहे बदमाशों की बाइक पकड़ ली। आरोपियों ने बाइक नहीं रोकी और हाडगे को कुछ दूर तक घसीटते हुए ले गए। इस दौरान गंभीर चोट लगने के बाद कर्मचारी को बाइक छोड़नी पड़ी।

आसपास के लोगों ने अस्पताल पहुंचाया

कर्मचारी की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। जिसके बाद उसे घायल हालत में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। लूट की वारदात CCTV कैमरे में कैद हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। पुलिस लूटे गए सोने-चांदी के आभूषणों और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article