देश की आर्थिक राजधानी मुंबई और उसके आस-पास के उपनगरों (MMR) में मानसून की मूसलाधार बारिश काल बनकर बरस रही है। पिछले कुछ दिनों से जारी भारी से अति भारी बारिश के कारण पैदा हुए अलग-अलग हादसों में अब तक 9 लोगों की मौत होने की पुष्टि हुई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने रविवार के लिए मुंबई में 'रेड अलर्ट' (Red Alert) जारी रखा है, जिसका मतलब है कि अगले कुछ घंटे मुंबईवासियों के लिए बेहद भारी हो सकते हैं।
MMR में इन 9 लोगों ने गंवाई अपनी जान
मुंबई महानगरीय क्षेत्र में खुले मैनहोल, पेड़ गिरने और करंट लगने जैसी प्रशासनिक लापरवाही और हादसों ने 9 परिवारों को कभी न भूलने वाला जख्म दिया है:
1. विहान श्रीवास्तव (11 वर्ष): चेंबूर में तेज हवाओं के कारण एक विशालकाय पेड़ स्कूल बस पर गिर गया, जिससे इस मासूम छात्र की मौत हो गई।
2. अस्लम इसाक शेख: साकिनाका में भारी बारिश के दौरान एक बिना ढक्कन वाले खुले मैनहोल में गिरने और पानी के तेज बहाव में बह जाने से इस सफाईकर्मी की जान चली गई।
3. किशोर लोखंडे (50 वर्ष): वसई ईस्ट के मंगुलीपाड़ा-भोईदापाड़ा इलाके में बाढ़ के तेज पानी में बह गए।
4. अनिकेत वाघेला (6 वर्ष): बेटेगांव का रहने वाला यह मासूम अपने दादाजी के साथ एक नहर पार करते समय पानी के तेज बहाव में डूब गया।
5. अज्ञात शव (नालासोपारा): नालासोपारा ईस्ट के जीवन नगर में जलमग्न इलाके से एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ है, जिसकी मौत का कारण भी बारिश से जुड़ा माना जा रहा है।
6. आलिया मोहम्मद साजिद चंडीवाला (17 वर्ष): मुंब्रा के कौसा इलाके में जलभराव के दौरान इमारत के लोहे के गेट में उतरे करंट की चपेट में आने से इस किशोरी की मौत हो गई।
7. मुस्तफा शेख (26 वर्ष): भिवंडी के तीन बत्ती इलाके में एक लाइव बिजली के तार (नंगे तार) के संपर्क में आने से करंट लगने से मौत हो गई।
8. सुमित कुमार सुरेश मंडल (20 वर्ष): एक प्रोजेक्ट साइट पर बने गड्ढे में बारिश का पानी भर जाने के कारण यह मजदूर उसमें डूब गया।
9. यूनुस कुंदावाला (63 वर्ष): नौपाडा (कमानी) में हिंदी बीएमसी स्कूल के पास एक दुकान पर भारी पेड़ गिर जाने के कारण मलबे में दबकर इनकी मौत हो गई।
24 घंटे में 300mm तक बारिश, समुद्र में 'हाई टाइड' की चेतावनी
नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार, मुंबई के कई इलाकों में पिछले 24 घंटों में 200 मिमी से लेकर 300 मिमी से भी अधिक बारिश दर्ज की गई है। शनिवार को महज 12 घंटों के भीतर ही इतनी भयंकर बारिश हुई कि निचले इलाकों में पानी भर गया, सड़कें धंस गईं और रेल पटरियां डूब गईं।
बीएमसी (BMC) ने नागरिकों को विशेष रूप से सतर्क रहने की चेतावनी दी है, क्योंकि रविवार दोपहर 3:22 बजे समुद्र में 4.19 मीटर हाई टाइड का अनुमान है। इसके बाद सोमवार तड़के 3:41 बजे भी 3.51 मीटर ऊंचा हाई टाइड आएगा। अगर हाई टाइड के दौरान फिर से भारी बारिश होती है, तो मुंबई में जलभराव की स्थिति और भी गंभीर हो सकती है।
