शहर

Mumbai News: लगातार तीसरे दिन भारी बारिश से थमी मुंबई की रफ्तार, बंद हुआ अंधेरी सबवे; IMD का रेड अलर्ट जारी

Mumbai waterlogging Today: मुंबई और आस-पास के इलाकों में लगातार तीसरे दिन भारी बारिश से स्थिति बिगड़ गई है। अंधेरी सबवे बंद है, किंग्स सर्कल और गांधी मार्केट जैसे इलाके जलमग्न हो गए हैं। मौसम विभाग (IMD) ने मुंबई, ठाणे और पालघर के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।

Image

मुंबई के कई इलाकों में जलजमाव

Photo : Times Now Digital

Mumbai Waterlogging: मायानगरी मुंबई में एक बार फिर मानसूनी बारिश आफत बनकर बरसी है। लगातार तीसरे दिन जारी मूसलाधार बारिश ने मायानगरी की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है। गुरुवार की सुबह से ही हो रही रिकॉर्डतोड़ बारिश के कारण मुंबई के कई निचले इलाकों में गंभीर जलभराव हो गया है, जिससे सड़कों पर समंदर जैसा नजारा दिखने लगा है। मौसम की गंभीरता को देखते हुए भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मुंबई, मुंबई उपनगर, ठाणे, रायगढ़ और पालघर जिलों के लिए 'रेड अलर्ट' जारी कर दिया है।

जलमग्न हुए कई इलाके, अंधेरी सबवे किया गया बंद

मुंबई के सबसे संवेदनशील ट्रैफिक पॉइंट्स में से एक 'अंधेरी सबवे' में भारी पानी भर जाने के कारण उसे एहतियातन यातायात के लिए पूरी तरह बंद कर दिया गया है। इसके अलावा किंग्स सर्कल, गांधी मार्केट और हिंदमाता जैसे इलाकों में कमर तक पानी भर जाने से सुबह-सुबह काम पर निकलने वाले दफ्तरकर्मियों और आम नागरिकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। जगह-जगह गाड़ियां पानी में फंसी नजर आईं और स्टॉर्म वाटर ड्रेन (सड़क किनारे के नाले) ओवरफ्लो होने के कारण पानी रिहायशी इलाकों में घुस गया। वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे (WEH) पर भी सुबह से ही वाहनों की लंबी कतारें और रेंगता हुआ ट्रैफिक देखने को मिला।

आंकड़ों में देखिए कितनी बरसी आफत

ब्रिहानमुंबई नगर निगम (BMC) द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, महज 22 घंटों के भीतर (1 जुलाई सुबह 8 बजे से 2 जुलाई सुबह 6 बजे तक) मुंबई और उसके उपनगरों में रिकॉर्ड तोड़ बारिश दर्ज की गई है। इस दौरान पूर्वी उपनगर (Eastern Suburbs) में 164 mm, पश्चिमी उपनगर (Western Suburbs) में 149 mm और मुंबई शहर (Mumbai City) में 134 mm बारिश दर्ज हुई है।

पालघर में स्कूल-कॉलेज बंद, ठाणे भी बेहाल

मुंबई से सटे पालघर जिले में प्रशासन ने अगले 24 घंटों में अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए आज सभी स्कूलों और कॉलेजों में छुट्टी घोषित कर दी है। पालघर आपदा प्रबंधन सेल के प्रमुख विवेकानंद कदम ने बताया कि भारी बारिश के बावजूद फिलहाल किसी बड़े हादसे या हताहत होने की खबर नहीं है।

दूसरी ओर, ठाणे जिले के अंबरनाथ, कल्याण और भिवंडी जैसे रिहायशी इलाके भी पूरी तरह जलमग्न हो चुके हैं। ठाणे नगर निगम (TMC) के मुताबिक, स्थिति को देखते हुए नागरिक अधिकारियों को 'हाई अलर्ट' पर रहने और जलभराव से निपटने के लिए सभी आवश्यक संसाधन तुरंत तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 3 घंटे मुंबई और उसके आस-पास के जिलों के लिए बेहद संवेदनशील हैं, इसलिए नागरिकों को घरों में रहने और जरूरत पड़ने पर ही बाहर निकलने की सलाह दी गई है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article