गणपति उत्सव पर रेलवे की बड़ी सौगात
मुंबई: भारतीय रेलवे ने गणपति उत्सव 2025 के लिए अब तक की सबसे बड़ी पहल करते हुए रिकॉर्ड 380 विशेष ट्रेन यात्राओं की घोषणा की है। यह संख्या पिछले वर्षों की तुलना में सबसे अधिक है। साल 2023 में 305 और 2024 में 358 गणपति स्पेशल ट्रेन सेवाएं चलाई गई थीं।
इस साल, सेंट्रल रेलवे द्वारा सबसे अधिक 296 ट्रेन सेवाएं चलाई जाएंगी, जो खास तौर पर महाराष्ट्र और कोंकण क्षेत्र में भारी यात्रा मांग को पूरा करने के लिए हैं। वहीं, वेस्टर्न रेलवे 56, कोंकण रेलवे (KRCL) 6 और साउथ वेस्टर्न रेलवे 22 गणपति स्पेशल ट्रेनों का संचालन करेगा।
रेलवे ने यह सेवाएं 11 अगस्त से शुरू कर दी हैं, और जैसे-जैसे त्यौहार नजदीक आएगा, वैसे-वैसे और भी ट्रेनें जोड़ी जाएंगी। गणपति पूजा 27 अगस्त से 6 सितंबर 2025 के बीच मनाई जाएगी। कोंकण रेलवे मार्ग पर चलने वाली ट्रेनों के ठहराव विशेष रूप से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए तय किए गए हैं। प्रमुख स्टेशनों में रत्नागिरी, चिपलून, कुडाल, सावंतवाड़ी रोड, ठिवीम, कारमाली, मडगांव जंक्शन, करवार, कुमटा, उडुपी और मुळकी आदि शामिल हैं।
विशेष ट्रेनों का पूरा कार्यक्रम IRCTC की वेबसाइट, RailOne ऐप और सभी PRS केंद्रों पर उपलब्ध है। भारतीय रेलवे ने आश्वस्त किया है कि वह त्योहारी सीज़न के दौरान यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और भरोसेमंद यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।