मुंबई

Video: जी नहीं, ये कोई तालाब नहीं, मुंबई की सड़कें हैं... पानी से लबालब, नाव बन तैर रही गाड़ियां

लगातार हो रही बारिश के चलते मुंबई की सड़कें पानी से लबालब भरी हुई हैं। सड़कों पर घुटनों से ऊपर तक पानी भरा है और गाड़ियां तैर रही हैं। लोगों को आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। साइलेंसर में पानी भरने के कारण गाड़ियां सड़कों पर बंद हो रही हैं। देखें टाइम्स नाउ नवभारत के कैमरे ने मुंबई की सड़कों पर क्या कुछ देखा -

Image

जलजमाव से मुंबई की सड़कें बनीं तालाब

Photo : Times Now Digital

मुंबई में भारी बारिश का दौर जारी है। शहर में पिछले दो दिनों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित है। सड़कें मानो तालाब बन गई हैं। सड़कों पर खड़ी गाड़ियों की छतें तालाब में से झांकते टापू सी नजर आ रही हैं। कई जगहों पर पानी इतना भर गया है कि गाड़ियां नाव की तरह तैर रही हैं। लोगों को सड़कों पर भरे गंदे पानी में से होकर गुजरना पड़ रहा है। व्यवस्था चरमरा गई है और कोई भी अभी कुछ करने की स्थिति में नजर नहीं आ रहा। टाइम्स नाउ नवभारत के कैमरे ने मुंबई की सड़कों पर जो नजारे देखे, वही दृश्य हम आपके लिए लेकर आए हैं। चलिए देखते हैं -

मानखुर्द स्टेशन का हाल

मुंबई में मनखुर्द स्टेशन रोड पूरी तरह से जलमग्न है। सड़क पर पानी भर जाने के कारण लोगों को स्टेशन तक पहुंचने में भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यात्री पानी में होकर किसी तरह स्टेशन की ओर जा रहे हैं। टाइम्स नाउ नवभारत जब यहां पहुंचा तो हर तरफ पानी ही पानी था। यहां बीएमसी के कर्मचारी कहीं नजर नहीं आए और न ही जल निकासी के लिए वाटर पंप लगाए गए हैं।

पॉश अंधेरी वेस्ट में सड़क बनी तालाब

मुंबई में अंधेरी वेस्ट को पॉश इलाका माना जाता है। यहां के मीरा देसाई रोड पर घुटनों से ऊपर तक पानी भर गया है। गाड़ियां पानी में तैरने लगी हैं। यहां टाइम्स नाउ नवभारत ने देखा कि कुछ ऑटो रिक्शा सड़क पर भरे पानी के बीच बंद पड़ गए, क्योंकि उनके साइलेंसर तक में पानी भर गया। यह ऐसा इलाका है, जहां पर मकानों की कीमतें करोड़ों रुपये हैं। लेकिन हालात ऐसे है कि इन घरों में रहने वाले लोग सड़क से होकर कहीं जा नहीं सकते।

दहिसर में ऐसे हैं हालात

मुंबई के दहिसर पूर्व में आनंद नगर मेट्रो स्टेशन के नीचे लिंक रोड पर घुटने तक पानी भरा हुआ है। इसके चलते यहां से आने-जाने वाले वाहनों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। यहां पर सड़क पर भरे पाने में बाइक ले जाने पर बाइकें बंद हो जा रही हैं। लोग धक्का मार कर किसी तरह बाइकों को बाहर निकालते हुए नजर आ रहे हैं।

मुंबई में लगातार बारिश के चलते सरकारी और अर्धसरकारी दफ्तरों में छुट्टी घोषित कर दी गई है। इसके अलावा प्राइवेट दफ्तरों को भी वर्क फ्रॉम होम की हिदायत दी गई है। भारी बारिश और बाढ़ को देखते हुए मुंबई के स्कूल-कॉलेजों में भी छुट्टी घोषित की गई है।

atul. Singh
अतुल सिंहauthor

मैं अतुल सिंह,मैं 14 वर्षों से अधिक समय से टीवी पत्रकारिता में विभिन्न क्षेत्रों को खबरों को कवर करने वाला अनुभवी पत्रकार हूं। वर्तमान में Times Now नवभारत के लिए principal correspondent हूं। मैंने इंडिया टीवी, ज़ी न्यूज़,IBN 7 (न्यूज़ 18),Lemon न्यूज़ जैसे प्रमुख मीडिया संगठनों के साथ भी काम किया है। मनोरंजन,नागरिक मुद्दे ,इंफ्रा,राजनीति,आम और विधानसभा चुनाव और अपराध जैसे विषयों को बखूबी कवर किया है। वर्तमान में मुम्बई ब्यूरो से जुड़ा हुआ हूं। कई राष्ट्रीय मुद्दों से जुड़े कई विशेष खबरें भी कवर किया है।

और पढ़ें
End of Article