मुंबई

आमची मुंबई, बाढ़ में डूब गई : कई लाइनों पर ट्रेन सेवाएं ठप, प्लेटफॉर्म पर तैर रही नावें

भारी बारिश के कारण मुंबई की सड़कें तालाब बनी हुई हैं। लोग घरों में कैद हैं और जो गाड़ियां सड़कों पर खड़ी हैं वह टापू सी नजर आ रही हैं। इस बीच रेलवे ट्रैक पर पानी भर जाने के कारण रेलवे ने भी कुछ स्टेशनों के बीच ट्रेन सेवाएं स्थगित कर दी हैं। चलिए जानते हैं -

Image

मुंबई में रेलवे ट्रैक पर भी भरा पानी, नावें चल रहीं (फोटो - PTI)

Photo : PTI

मुंबई में लगातार हो रही भारी बारिश से आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित है। आज यानी मंगलवार 19 अगस्त को सेंट्रल रेलवे ने छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) और कुर्ला स्टेशनों के बीच हार्बर लाइन की लोकल ट्रेन सेवाएं निलंबित कर दी हैं। अधिकारियों के अनुसार, भारी बारिश के बाद पटरियों पर पानी भर गया था और कुछ हिस्सों में ट्रैक पूरी तरह से डूब गए।

सेंट्रल रेलवे ने अपनी मेन लाइन पर कुर्ला और सायन के बीच की ट्रेन सेवाएं भी रोक दीं, क्योंकि वहां भी रेल पटरियों पर पानी भर गया था। रेलवे अधिकारियों ने जानकारी दी कि सुबह 11:20 बजे से सीएसएमटी और कुर्ला के बीच हार्बर लाइन पर सेवाएं रोक दी गईं हैं। यहां पटरियां करीब 12 इंच यानी एक फिट पानी में डूब गई थीं। यहां पटरियों पर पानी भरने की वजह पास से बहने वाली मिटी नदी में आया उफान था।

सेंट्रल रेलवे मुंबई डिवीजन के प्रबंधक हिरेन मीणा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर जानकारी दी। उन्होंने कहा, “भारी बारिश और चूनाभट्टी स्टेशन पर जलभराव के कारण CLA और CSMT के बीच हार्बर लाइन सेवाएं अगले आदेश तक निलंबित रहेंगी।” उन्होंने लोगों से भी अपील की है कि सिर्फ बहुत जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें।

Mumbai Rain Railway PTI.

वेस्टर्न रेलवे ने कई स्टेशनों के बीच सेवाएं निलंबित कीं (फोटो - PTI)

उन्होंने यह भी बताया कि भारी बारिश के कारण सेंट्रल रेलवे की मेन लाइन और हार्बर लाइन पर ट्रेनों का संचालन तय समय से देर से हो रहा है। यात्रियों से अनुरोध है कि वे गैर-जरूरी यात्रा से बचें और प्रशासन की चेतावनियों का पालन करें।

पश्चिम रेलवे की उपनगरीय ट्रेन सेवाएं भी प्रभावित हुईं। सुबह से ही कई स्थानों पर पटरियां पानी में डूबी हुई हैं, जिसके कारण ट्रेनें देरी से चल रही हैं। लगातार बारिश से मुंबई की रफ्तार एक बार फिर थम सी गई है, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

Input - PTI

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article