शहर

कल का मौसम 19 अगस्त 2025: महाराष्ट्र में अत्यंत भारी बारिश, राजस्थान से लेकर बिहार और उत्तराखंड तक झमाझम

Kal Ka Mausam, 19 August 2025, कल का मौसम कैसा रहेगा, Aaj Aur Kal ka Mausam kaisa Rahega: मानसूनी बारिश का दौर जारी है। विशेषतौर पर महाराष्ट्र में अत्यंत भारी बारिश हो रही है। मुंबई में बारिश के चलते जगह-जगह पानी भर गया है और ट्रैफिक जाम है। कल मुंबई सहित, देश के तमाम हिस्सों में मौसम का हाल कैसा रहेगा, यहां जानें -

Image

कल का मौसम कैसा रहेगा, बारिश होगी या मिलेगी राहत

Photo : Times Now Digital

Kal Ka Mausam: मुंबई सहित समूचे महाराष्ट्र में पिछले दो दिनों से लगातार मूसलाधार बारिश हो रही है। भारी बारिश के चलते मुंबई में जगह-जगह जलजमाव हो गया है। सड़कों पर पानी भरने के कारण भारी जाम से भी लोगों को जूझना पड़ रहा है। सिर्फ तीन घंटे में ही मुंबई के कई इलाकों में 90MM से ज्यादा बारिश दर्ज की गई है। मुंबईकर को डर है कि कहीं हालात 26 जुलाई 2005 जैसे न हो जाएं। इस बीच बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके चलते तटीय आंध्र प्रदेश, दक्षिणी छत्तीसगढ़, दक्षिणी ओडिशा, तेलंगाना, दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक में आज, कोंकण (मुंबई सहित) और गोवा, मध्य महाराष्ट्र के घाट क्षेत्र और तटीय कर्नाटक में आज और कल, गुजरात में कल और परसों अत्यंत भारी बारिश की संभावना है। चलिए जानते हैं पूरे देश में कल कैसा रहेगा मौसम -

कल का मौसम जानने से पहले जान लेते हैं कि पिछले 24 घंटे में मौसम की चाल कैसी रही। आज यानी सोमवार 18 अगस्त की सुबह 8.30 बजे तक पिछले 24 घंटे में कोंकण, तटीय कर्नाटक और तेलंगाना के कई इलाकों में अत्यंत भारी बारिश रिकॉर्ड की गई। इस दौरान इन क्षेत्रों में 21 सेमी या उससे भी ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा तमिलनाडु, तटीय आंध्र प्रदेश, केरल, मराठवाड़ा, मध्य महाराष्ट्र, दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक व ओडिशा के कुछ क्षेत्रों में 12-20 सेमी तक बारिश हुई। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तरी हरियाणा, उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश, अंडमान द्वीप, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक, असम, मणिपुर, पश्चिमी मध्य प्रदेश, गोवा और सौराष्ट्र क्षेत्रों में 7-11 सेमी तक की बारिश रिकॉर्ड की गई है।

अब कल का मौसम

जैसा कि हमने ऊपर ही बताया कि बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके प्रभाव में देश के कई हिस्सों में कल भी भारी से अत्यंत भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने मुंबई में कल भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। बात मुंबई की हो रही है तो चलिए सबसे पहले जान लेते हैं पश्चिमी भारत में कल मौसम की चाल कैसी रहेगी।

पश्चिमी भारत में मौसम की चाल

मौसम विभाग के अनुसार कोंकण और गोवा के साथ ही मध्य महाराष्ट्र के घाट क्षेत्र में आज यानी 18 और कल 19 अगस्त को अत्यंत भारी बारिश की संभावना है। इसके अलावा गुजरात में 19 और 20 अगस्त को अत्यंत भारी बारिश हो सकती है। यही नहीं मध्य महाराष्ट्र, कोंकण (मुंबई सहित) और गोवा में 18-20 अगस्त तक और गुजरात के कुछ क्षेत्रों में 18-22 अगस्त तक अत्यंत भारी बारिश की संभावना है। इसके चलते क्षेत्र में भारी नुकसान भी हो सकता है।

Mumbai Rain in mm

Mumbai Rain in mm

कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र, गुजरात में अगले सात दिनों तक भारी बारिश हो सकती है, जबकि मराठवाड़ा क्षेत्र में 2 दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट है। पूरे पश्चिमी भारत में 22 अगस्त तक 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। इसके लावा पूरे क्षेत्र में कहीं-कहीं पर अगले 7 दिनों तक हल्की से मध्यम स्तर की बारिश होगी।

पूर्वी और सेंट्रल इंडिया में कल का मौसम कैसा रहेगा?

बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र के चलते पूर्वी भारत में कल अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। विदर्भ में 18 और 20 अगस्त, ओडिशा में 18-19 और 22-24 अगस्त तक, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 20-22 अगस्त, बिहार में 20-24 अगस्त तक बहुत भारी बारिश हो सकती है। पश्चिमी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ में 23-24 अगस्त, पूर्वी मध्य प्रदेश में 21-24 अगस्त तक भारी बारिश की संभावना है। मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में अगले 7 दिनों तक भारी बारिश हो सकती है। पूरे क्षेत्र में अगले 5 दिनों तक गरज और चमक के साथ हल्की से मध्य स्तर की बारिश हो सकती है।

उत्तर-पश्चिमी भारत में मौसम की कैसी रहेगी चाल?

जम्मू-कश्मीर में आज और कल के अलावा 22-24 अगस्त तक कुछ इलाकों में भारी बारिश की संभावना है। इसके अलावा अगले सात दिनों तक हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और पूर्वी राजस्थान में, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आज के साथ ही 22-24 अगस्त तक, पूर्वी उत्तर प्रदेश में 21-24 अगस्त, पश्चिमी राजस्थान में 21-22 अगस्त को बहुत भारी बारिश हो सकती है। उत्तराखंड में 23 और 24 अगस्त, पूर्वी राजस्थान में 21 और 22 अगस्त को अत्यंत भारी बारिश की संभावना है। यही नहीं अगले सात दिनों तक उत्तराखंड, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और PoK में गिलगित-बाल्टिस्तान-मुजफ्फराबाद के कुछ इलाकों में गरज और जमक के साथ हल्की से मध्यम स्तर की बारिश जारी रहेगी।

उत्तर पूर्वी भारत में कैसा रहेगा कल का मौसम?

मौसम विभाग के अनुसार असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, अरुणाचल प्रदेश में अगले सात दिन तक कुछ इलाकों में भारी बारिश की संभावना है। इसके साथ ही अरुणाचल प्रदेश में 20-24 अगस्त तक और त्रिपुरा व मिजोरम में 21-24 अगस्त तक, असम व मेघालय में 20,23-24 अगस्त तक अत्यंत भारी बारिश हो सकती है। यही नहीं समूचे नॉर्थ-ईस्ट में अगले तीन दिनों तक कई इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्य स्तर की बारिश होगी।

दक्षिणी प्रायद्वीपीय भारत में मौसम की चाल

तटीय कर्नाटक के कुछ इलाकों में आज और कल अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। इसके अलावा आज तटीय आंध्र प्रदेश, दक्षिणी अंतरिक कर्नाटक और तेलंगाना में, जबकि उत्तरी आंतरिक कर्नाटक में कल अत्यंत भारी बारिश हो सकती है। तमिलनाडु में आज, तटीय आंध्र प्रदेश, कर्नाटक रायलसीमा, तेलंगाना, केरल में 18-20 अगस्त तक कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश हो सकती है। दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में कल और तटीय कर्नाटक में बुधवार 20 अगस्त को भारी बारिश की संभावना है। IMD के अनुसार समूचे दक्षिणी प्रायद्वीपीय भारत में कल 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।

मौसम विभाग के अनुसार दक्षिणी प्रायद्वीपीय और उससे सटे मध्य भारत में अगले 3-4 दिनों के दौरान मानसून के सक्रिय रहने की संभावना है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article