मुंबई

Mumbai Rainfall: आसमानी आफत से थमी मुंबई! सड़कें बनीं तालाब पटरियों पर दौड़ रहा जल सैलाब; इतनी पैसेंजर ट्रेनें रद्द

Mumbai Rainfall News Today: महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई पिछले 2 दिनों से आसमानी आफत से त्रस्त है। पूरी मायानगरी पानी-पानी हो गई। सड़कें तालाब तो रेलवे पटरियां गोते खा रही हैं। राज्य में भारी बारिश और जलभराव के कारण मध्य रेलवे ने 14 लंबी दूरी की ट्रेनें (7 जोड़ी) रद्द कर दी हैं।मौसम विभाग ने अभी ऐसी ही स्थितियां रहने के संकेत दिए हैं।

Image

मुंबई में भारी बारिश से ट्रेनें रद्द (फोटो-ट्विटर)

मुंबई : महाराष्ट्र में पिछले चार दिनों से हो रही भारी बारिश की वजह से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त है। लोगों को कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। खासकर, मुंबई और आसपास के इलाकों में जारी भारी बारिश के कारण सड़के जलमग्न हैं और रेल पटरियां पानी में तैरती नजर आ रही हैं। मंगलवार शाम तक नालासोपारा से वसई रोड स्टेशन के बीच जलजमाव के कारण पश्चिम रेलवे की दो ट्रेन को रद्द करना पड़ा है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने यह फैसला लिया है। रेलवे अधिकारियों ने जानकारी दी कि भारी बारिश से ट्रैक पर पानी भर गया है, जिससे ट्रेनों का परिचालन संभव नहीं हो पाया। इसलिए 19 अगस्त को चलने वाली दो ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है। न्यूज एजेंसी एएनआई के हवाले से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, राज्य में भारी बारिश और जलभराव के कारण मध्य रेलवे ने 14 लंबी दूरी की ट्रेनें (7 जोड़ी) रद्द कर दी हैं।

ये ट्रेनें कैंसिल

रद्द की गई ट्रेनों में ट्रेन संख्या 59023 मुंबई सेंट्रल-वलसाड फास्ट पैसेंजर और ट्रेन संख्या 59040 वापी-मुंबई सेंट्रल पैसेंजर शामिल हैं। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी रेलवे की वेबसाइट या नजदीकी स्टेशन से जरूर प्राप्त करें। साथ ही रेलवे ने कहा है कि हालात पर नजर रखी जा रही है और जैसे ही मौसम और ट्रैक की स्थिति सामान्य होगी, सेवाएं फिर से शुरू कर दी जाएंगी।

पश्चिम रेलवे ने ट्रेनों के रद्द होने से यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद जताया है और कहा है कि यह कदम यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर उठाया गया है। भारी बारिश की वजह से कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति बनी हुई है, जिससे रेलवे ट्रैक पर ट्रेनों का संचालन खतरे में पड़ सकता था।

वहीं, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने राज्य में जारी भारी बारिश को देखते हुए प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने कहा, "भारी बारिश के चलते कई जिलों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मुंबई में बीते 24 घंटों में 350 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की गई है। इसके चलते एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें तैनात की गई हैं। मीठी नदी में पानी का स्तर बढ़ने के बाद कुछ लोगों को रेस्क्यू किया गया है। भारी बारिश को देखते हुए दफ्तरों की छुट्टी भी की गई है, क्योंकि छुट्टी नहीं होने की वजह से लोग बड़ी संख्या में सड़कों पर रहते हैं। इस वजह से स्थिति चुनौतीपूर्ण हो जाती है। इसी को देखते हुए छट्टी का ऐलान किया गया। राज्य के वर्षा प्रभावित जिलों में कक्षा एक से 12वीं तक के सभी स्कूलों को 20 अगस्त तक बंद रखने का ऐलान किया गया है।

मुंबई का मौसम कैसा रहेगा?

मौसम विभाग के मुताबिक, मुंबई में अभी बारिश का दौर जारी रहेगा। बुधवार को स्थितियां और बिगड़ सकती हैं। स्काईमेट के मुताबिक, मौसम की यह स्थिति इस हफ्ते के मध्य तक जारी रहने की संभावना है। हालांकि 22 अगस्त से मौसम में सुधार की संभावना है, लेकिन जलभराव और नदियों-झीलों के रिस्पॉन्स की वजह से स्थिति सामान्य होने में और समय लग सकता है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article