गुजरात में मंगलवार को दो अलग-अलग भीषण सड़क हादसों में एक पुलिस अधिकारी (PSI) समेत छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। पहली घटना भरूच के पास दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर हुई, जहां तीन दोस्तों की जान चली गई। वहीं दूसरी दुर्घटना गांधीनगर के एसजी (SG) हाईवे पर अडालज के पास हुई, जहां रात भर गरबा खेलने के बाद घर लौट रहे युवाओं की कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई।
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे: PSI समेत 3 दोस्तों की मौत, टेंपो चालक फरार
गुजरात के भरूच के पास मनुबर गांव में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर एक तेज रफ्तार कार और टेंपो के बीच भीषण टक्कर हो गई। हादसा इतना भयानक था कि कार आगे चल रहे टेंपो से टकराने के बाद अनियंत्रित होकर पलट गई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। मृतकों की पहचान यश पटेल (उम्र 27 वर्ष), वडोदरा निवासी और पुलिस सब-इंस्पेक्टर (PSI)। पार्थ पटेल (उम्र 27 वर्ष), निवासी मेहसाणा और असफाक मोमिन (उम्र 28 वर्ष) के तौर पर हुई है।
जानकारी के मुताबिक, तीनों दोस्त अपने एक अन्य मित्र से मिलने भरूच जा रहे थे। हादसे में कार सवार एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसका इलाज जारी है। दुर्घटना के बाद आरोपी टेंपो चालक अपना वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। तालुका पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
एसजी हाईवे: गरबा खेलकर लौट रहे 4 युवाओं की कार पलटी, 3 की मौत
दूसरा हादसा गांधीनगर जिले के अडालज पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत एसजी हाईवे पर महाराजा होटल के समीप हुआ। रात में गरबा खेलकर लौट रहे चार युवाओं की कार अचानक चालक के नियंत्रण खो देने के कारण डिवाइडर से टकराई और पलटते हुए सीधे एक पेड़ से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार में सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। अडालज पुलिस के पीआई (PI) एस.जी. देसाई के अनुसार, कार में दो युवक और दो युवतियां सवार थे। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया और जान गंवाने वाले युवाओं की पहचान और परिजनों को सूचित करने की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
