मुंबई

मुंबई में प्यार का खौफनाक चेहरा! प्रेमी संग मिलकर पति को रास्ते से हटाया, चाकू से किए ताबड़तोड़ वार

मुंबई के वडाला इलाके में एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी। आरोपियों ने उसकी गर्दन पर चाकू से कई बार हमले किए और उसे मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने आरोपी पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है।

Image

सांकेतिक फोटो

Mumbai Crime: मुंबई में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां एक महिला ने प्रेमी के साथ मिलकर पति को मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामला मुंबई के वडाला इलाके का है। मृतक की पहचान इस्माइल अली जमाल अली शेख (36) के रूप में हुई है। मुंबई के एंटॉप हिल के बंगाली पुरा इलाके में 36 वर्षीय व्यक्ति की बेरहमी से हत्या कर दी गई। कथित तौर पर शेख की पत्नी और उसके प्रेमी ने मिलकर उस पर चाकू से कई बार हमला किया। एंटॉप हिल पुलिस ने हत्या के मामले में उसकी पत्नी सुमाया शेख (26) और उसके प्रेमी जब्बार शेख को गिरफ्तार किया है।

प्रेमी ने पति की गर्दन पर किए कई वार

एंटॉप हिल पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस्माइल को अपनी पत्नी और जब्बार के बीच संबंध का पता चल गया था, जिसके कारण सोमवार रात को दोनों के बीच तीखी नोकझोंक हुई और सुबह करीब 3 बजे झगड़ा और भी बढ़ गया। तभी आरोपी महिला ने अपने प्रेमी जब्बार को अपने घर बुलाया और अपने पति के पैर पकड़ लिए, जबकि जब्बार ने एक धारदार हथियार से इस्माइल की गर्दन पर कई बार वार किया। प्रेमी के हमले के बाद आरोपी महिला ने भी चाकू से अपने पति पर कई बार वार किया।

फरार प्रेमी को पुलिस ने पकड़ा

पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला सुमाया ने अपने पति के खून से लथपथ शव को घर के बाहर घसीटा और पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। दावा किया कि किसी और ने उसके पति की हत्या कर दी। हालांकि, पुलिस को कड़ाई से पूछताछ के दौरान उसके बयानों से संदेह पैदा हुआ और उसे आगे की जांच के लिए हिरासत में ले लिया गया। महिला का प्रेमी जब्बार शेख हत्या के बाद मौके से भाग गया था, लेकिन बाद में उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल चाकू को भी बरामद कर लिया है और एंटॉप हिल पुलिस स्टेशन ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

(इनपुट - IANS)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article