Eknath Shinde Tesla Test Drive: भारत में टेस्ला कार का जादू दिख रहा है,महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे मुंबई में टेस्ला शोरूम के उद्घाटन के अगले दिन बुधवार को विधान भवन के बाहर हाईटेक टेस्ला कार की टेस्ट ड्राइव लेते नजर आए, बता दें कि उन्होंने खुद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर इसका वीडियो भी शेयर किया जिसमें वो कार चला रहे हैं।
वीडियो में एकनाथ शिंदे को सिक्योरिटी गार्डों और पत्रकारों की भीड़ के बीच से सफेद टेस्ला चलाते हुए देखा जा सकता है दिख रहा है कि धीरे-धीरे वह स्टीयरिंग घुमाते हैं और टेस्ट राइड का आनंद उठा रहे हैं।
टेस्ला ने मुंबई में अपना पहला 'एक्सपीरियंस सेंटर' खोला
इलेक्ट्रिक कार विनिर्माता कंपनी टेस्ला ने मुंबई के बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स में अपना पहला 'एक्सपीरियंस सेंटर' मंगलवार को खोलने के साथ ही आधिकारिक तौर पर भारत में प्रवेश किया।मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने अन्य गणमान्य लोगों की उपस्थिति में इसका उद्घाटन किया।फडणवीस ने कहा कि राज्य सरकार चाहती है कि टेस्ला भारत में अपने अनुसंधान एवं विकास और विनिर्माण सुविधाएं स्थापित करे।मुख्यमंत्री ने कहा, 'हम चाहते हैं कि अनुसंधान, विकास और विनिर्माण भारत में ही हो। मुझे यकीन है कि टेस्ला उचित समय पर इस बारे में विचार करेगी।' उन्होंने कहा, 'अपनी इस यात्रा में महाराष्ट्र को एक भागीदार मानें।' मुख्यमंत्री ने कहा कि मुंबई में अपना पहला केंद्र खोलने का टेस्ला का फैसला शहर और राज्य में उसके विश्वास को दर्शाता है।उन्होंने कहा, 'टेस्ला एक्सपीरियंस सेंटर का उद्घाटन इस बात का प्रमाण है कि टेस्ला सही शहर और सही राज्य (यानी मुंबई और महाराष्ट्र) में आ गई है।'
'2015 में अमेरिका में पहली बार टेस्ला गाड़ी चलाई थी'
मुख्यमंत्री ने बताया कि उन्होंने 2015 में अमेरिका में पहली बार टेस्ला गाड़ी चलाई थी।उन्होंने कहा, 'तब मैंने सोचा था कि भारत में भी ऐसी गाड़ी होनी चाहिए। इसमें करीब 10 साल लग गए, लेकिन हमें बहुत खुशी है कि आप आखिरकार यहां आ गए हैं। भारत में लोग टेस्ला का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। मुझे यकीन है कि आपूर्ति शुरू होने पर आपको यहां अपने सबसे अच्छे बाजारों में से एक मिलेगा।'मुख्यमंत्री ने कहा, 'हम एक विनिर्माण केंद्र भी हैं। चार्जिंग से जुड़े बुनियादी ढ़ांचे, वाहन प्रोत्साहन और विनिर्माण प्रोत्साहनों के लिए हमारी नीतियां सर्वश्रेष्ठ में से हैं। यह एक अच्छी शुरुआत है और इसमें बाजार को बदलने की क्षमता है।'
क्या है 'टेस्ला एक्सपीरियंस सेंटर'
टेस्ला इंडिया ने मुंबई के लोढ़ा लॉजिस्टिक्स पार्क में 24,565 वर्ग फुट का ‘वेयरहाउसिंग स्पेस’ पांच साल की अवधि के लिए पिछले महीने पट्टे पर लिया था।'टेस्ला एक्सपीरियंस सेंटर', टेस्ला की गाड़ियों और उनकी प्रौद्योगिकी को ग्राहकों तक पहुंचाने का एक खास तरीका है। ये पारंपरिक 'कार शोरूम' से हटकर होते हैं और ग्राहकों को टेस्ला के उत्पादों एवं नवाचारों का प्रत्यक्ष अनुभव प्रदान करने पर केंद्रित होते हैं। गौरतलब है कि केंद्रीय भारी उद्योग मंत्री एच. डी. कुमारस्वामी ने जून में कहा था कि इलेक्ट्रिक कार विनिर्माता कंपनी भारत में कारों के निर्माण में रुचि नहीं रखती, बल्कि देश में शोरूम स्थापित करने की इच्छुक है।
