Mumbai News: मुंबई के सांताक्रूज इलाके की एक इमारत में आग लगने की ये घटना सामने आई है। इस इलाके में स्थित पांच मंजिला कमर्शियल इमारत के तहखाने में आग लग गई। आग की जानकारी प्राप्त होते ही पुलिस की एक टीम और दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू कर दिया है। जानकारी के मुताबिक आग तहखाने में लगी और फिर पहली मंजिल तक फैल गई।
धीरत हेरिटेज की इमारत में लगी आग
सांताक्रूज में स्थित धीरत हेरिटेज एक कमर्शियल इमारत है। जानकारी के अनुसार इस इमारत के तहखाने यानी की बेसमेंट में आग लगी थी, जो देखते ही देखते पार्किंग में और उसके बाद पहली मंजिल तक फैल गई। इस घटना पर एक अधिकारी ने बात करते हुए बताया कि उन्हें पश्चिमी उपनगर के मिलन सबवे के पास एसवी रोड पर स्थित धीरत हेरिटेज में शाम करीब 5 बजे के आस-पास आग लगने की जानकारी मिली थी।
इस घटना की जानकारी प्राप्त होते ही मबुंई पुलिस के साथ दमकल की चार गाड़ियां और अन्य वाहन मौके पर पहुंचे। इसके अलावा घटनास्थल पर अडाणी पावर, स्थानीय नगर वार्ड के कर्मचारी और अन्य एजेंसियां भी पहुंची और आग बुझाने का प्रयास करने लगी। एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इमारत में लगी आग पर काबू पा लिया गया है।
धीरज हेरिटेज की पांच मंजिला इमारत में लगी आग पर काबू पाने के बाद आग लगने की वजह की जांच की जा रही है साथ ही साथ अन्य जानकारी भी जुटाई जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार बेसमेंट पहली मंजिल तक पहुंची आग में किसी के हताहत होने की कोई जानकारी सामने नहीं आई है।
