मुंबई

Mumbai Crime News: डीजे स्नेक के कॉन्सर्ट में 50 स्मार्टफोन हुए चोरी, पुलिस ने 6 को लिया हिरासत में

  • Reported by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Nov 28, 2022, 11:46 AM IST

Mumbai Crime News: हॉलीवुड सिंगर और म्यूजिक कंपोजर डीजे स्नेक के संगीत कार्यक्रम में चोरी की बड़ी घटना सामने आई है। चोरों ने कार्यक्रम से 50 स्मार्टफोन चोरी कर लिए हैं। लोगों की शिकायत के बाद पुलिस ने छह लोगों को हिरासत में लिया है, जिनके पास से पुलिस को 15 मोबाइल फोन मिले हैं।

Image

डीजे स्नेक के संगीत कार्यक्रम में चोरी

KEY HIGHLIGHTS
  • डीजे स्नेक के संगीत कार्यक्रम में चोरी की बड़ी वारदात
  • चोरों ने कार्यक्रम से 50 स्मार्टफोन चोरी कर लिए
  • पुलिस ने छह लोगों को हिरासत में लिया है

Mumbai Crime News: मुंबई में लगातार मोबाइल चोरी की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। हैरान कर देने वाली बात यह है कि मोबाइल चोर भीड़ भाड़ वाले जगहों और खास आयोजनों में घटना को अंजाम दे रहे हैं। ऐसा ही कुछ मशहूर हॉलीवुड सिंगर और म्यूजिक कंपोजर डीजे स्नेक के संगीत कार्यक्रम में देखने को मिला है, जहां शातिर चोरों ने 50 स्मार्टफोन चोरी किए। कार्यक्रम में शामिल हुए लोगों की शिकायत के बाद पुलिस ने इस मामले में छह लोगों को हिरासत में लिया और उनके पास से 15 मोबाइल फोन बरामद किए।

पुलिस ने बताया है कि शनिवार को डीजे स्नेक का संगीत कार्यक्रम बांद्रा-कुर्ला-कॉम्प्लेक्स (बीकेसी) में हुआ था, जहां शातिर चोरों ने लोगों की भीड़ में शामिल होकर चोरी की घटना को अंजाम दिया। मामले में जोन 8 के पुलिस उपायुक्त दीक्षित गेडाम ने कहा है कि लोगों की ओर से दर्ज की गई शिकायतों के आधार पर पुलिस ने छह लोगों को हिरासत में लिया है।

जेब से मोबाइल फोन गायब

पुलिस उपायुक्त ने यह भी है कि मामले में कई लोगों को वेरीफाई किया जा रहा है और एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। एक अन्य पुलिस अधिकारी ने कहा है कि जैसे ही लोगों को पता चला कि उनकी जेब से उनके मोबाइल फोन गायब हो गए हैं, वह सतर्क हो गए और उनमें से कुछ ने तुरंत पुलिस स्टेशन जाने का फैसला किया। कार्यक्रम स्थल पर बंदोबस्त पर तैनात पुलिसकर्मियों ने संदिग्ध लोगों की जेब और उनके बैग की जांच शुरू कर दी। एक पुलिस अधिकारी ने कहा है कि हिरासत में लिए गए छह संदिग्धों में से चार से पुलिस निजी तौर पर पूछताछ कर रही है। ये चारों लोगों के मोबाइल फोन और कीमती सामान चोरी करने के लिए भिवंडी, खार, अंधेरी और बांद्रा इलाके से आए थे।

सैकड़ों लोगों ने कॉन्सर्ट में शिरकत की

पुलिस उपायुक्त ने विस्तार से जानकारी देते हुए कहा, 'कई कॉन्सर्ट में शामिल होने वालों ने बीकेसी पुलिस स्टेशन का दौरा किया और उनके बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई। एमएमआरडीए ग्राउंड में शनिवार रात हुए कॉन्सर्ट के दौरान लोगों के मोबाइल फोन चोरी हो गए। हम आरोपियों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने के लिए आस-पास के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रहे हैं। ऑनलाइन टिकट बुक करने के बाद सैकड़ों लोगों ने कॉन्सर्ट में शिरकत की थी और कार्यक्रम स्थल खचाखच भरा हुआ था। भीड़ का फायदा उठाकर मोबाइल चोर भीड़ में घुस गए और उनके फोन चुरा लिए।' पुलिस ने धारा 379 (चोरी की सजा) और भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) के अन्य प्रासंगिक प्रावधानों के तहत 14 प्राथमिकी दर्ज की है।
टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें