पटना

गंडक नदी पर बनेगा 10 किमी लंबा पुल, यूपी-बिहार की दूरी होगी कम; समय की होगी बचत

बिहार में गंडक नदी पर 10.5 किलोमीटर लंबा एक नया चार लेन का पुल का निर्माण किया जा रहा है। इसका निर्माण पश्चिम चंपारण जिले के मनुआपुल और उत्तर प्रदेश के पिपराघाट के बीच किया जाएगा। बिहार और उत्तर प्रदेश के बीच यात्रा को आसान बनाने और दोनों राज्यों के बीच कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए यह काफी जरूरी है।

Image

फाइल फोटो।

Photo : iStock

Bihar News: बिहार और उत्तर प्रदेश के बीच यात्रा को आसान बनाने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। गंडक नदी पर एक नया चार लेन का पुल का निर्माण किया जाएगा। यह पुल बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के मनुआपुल और उत्तर प्रदेश के पिपराघाट के बीच बनाया जाएगा। इस पुल की कुल लंबाई 10.5 किलोमीटर होगी।

सड़क परिवहन मंत्रालय ने दी मंजूरी

इस परियोजना के लिए केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्रालय ने मंजूरी दे दी है। पुल के निर्माण के लिए आवश्यक जमीन के अधिग्रहण के लिए 3-डी अधिसूचना जल्द ही जारी की जाएगी। 3-डी अधिसूचना एक सरकारी दस्तावेज है, जो बताता है कि पुल के निर्माण के लिए किस-किस किसान की जमीन ली जाएगी।

दोनों राज्यों की दूरी होगी कम

यह पुल बेतिया से गोरखपुर और कुशीनगर की दूरी को काफी कम कर देगा। वर्तमान में बेतिया से गोरखपुर की दूरी लगभग 160 किलोमीटर है। नए पुल के बन जाने के बाद यह दूरी घटकर 125 किलोमीटर रह जाएगी। इसी तरह बेतिया से कुशीनगर की दूरी भी 73 किलोमीटर रह जाएगी जो पहले 103 किलोमीटर थी।

बता दें कि गंडक नदी, बिहार के पश्चिम चंपारण जिले से निकलकर सारण जिले में गंगा नदी में मिलती है। यह नदी बिहार के लोगों के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। इस नदी पर यह 11वां पुल होगा। इस पुल के बनने से बिहार और उत्तर प्रदेश के बीच व्यापार और वाणिज्य को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही, दोनों राज्यों के लोगों को एक-दूसरे के करीब लाने में भी मदद मिलेगी।

क्या है 3-डी अधिसूचना

3-डी अधिसूचना के जारी होने के बाद, सरकार उन किसानों से उनकी जमीन ले लेगी, जिनकी जमीन पुल के निर्माण के लिए आवश्यक है। इसके बदले में, सरकार किसानों को मुआवजा देगी। 3-डी अधिसूचना के जारी होने के बाद किसान इस मुआवजे की राशि में कोई बदलाव नहीं करा सकते हैं। यह परियोजना बिहार और उत्तर प्रदेश के विकास के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है। इस परियोजना से दोनों राज्यों के लोगों को कई तरह के फायदे होंगे।

Devshanker Chovdhary
Devshanker Chovdhary author

<p>देवशंकर चौधरी मार्च 2024 से Timesnowhindi.com के साथ करियर को आगे बढ़ा रहे हैं और बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। टाइम्स नाउ सिटी टीम में वह इंफ्रा, डेवलपमेंट, पॉलिटिक्स और लोगों से जुड़ी स्टोरी करते हैं। हर स्टोरी में अलग एंगल निकालने पर फोकस रहता है। इसके अलावा ग्राउंड की स्टोरी और रिसर्च बेस्ड स्टोरी करने में विशेष रुचि रखते हैं।&nbsp;बीते वर्षों में टेलीविजन और डिजिटल मीडिया संस्थानों में काम कर चुके हैं। इससे पहले इन्होंने दैनिक जागरण, यूनीवार्ता, एबीपी न्यूज और रोहतास पत्रिका में काम किया है। दैनिक जागरण में रियल टाइम डेस्क पर काम कर चुके हैं, जहां वर्ल्ड अफेयर्स और नेशनल बीट की खबरें करते थे। यूनीवार्ता में नेशनल और विदेश डेस्क पर काम कर चुके हैं। एबीपी न्यूज में डिजिटल टीम का हिस्सा रह चुके हैं। रोहतास पत्रिका में काम करने के दौरान कोविड काल में बिहार के कई जिलों में घूम-घूम कर काम करने का अनुभव है। ग्रेजुएशन के दौरान ही पत्रकारिता से जुड़ गए थे, जिस दौरान दैनिक अखबारों के साथ काम किया है। अकाउंटिंग एंड मैनेजमेंट ऑनर्स में स्नातक और जनसंचार में स्नातकोत्तर हैं।</p>

और पढ़ें
End of Article