Chhatrapati Sambhajinagar Accident: महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में एक भीषण सड़क हादसा हो गया है। जलगांव राष्ट्रीय राजमार्ग पर आलंद गांव के पास एक ट्रक ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। इस हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई है जबकि 2 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस की टीम ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया। यह हादसा इतना भीषण था कि शवों को निकालने के लिए पुलिस को जीसीबी की सहायता लेनी पड़ी। मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि साटाला गांव की ओर आ रही मोटरसाइकिल मोड़ के पास से मुड़ रही थी तभी अचानक एक तेज रफ्तार ट्रक पीछे से आया और उससे टक्कर मार दी। इस घटना के बाद लोगों की भीड़ मौके पर लग गई और पुलिस को मामले की सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जीसीबी की सहायता के शव को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने बताया कि मृतकों के परिवार को सूचना दे दी गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव को परिवार को सौंप दिया जाएगा।
