मुंबई

Nashik: आधी रात भरभराकर गिरी इमारत, मलबे में फंसे दो बच्चे; बचाव कार्य जारी

नासिक में बीती रात एक पुरानी इमारत का हिस्सा गिरने से अफरा-तफरी मच गई। छह-सात लोग मलबे में दब गए, जिन्हें रेस्क्यू कर अस्पताल भेजा गया। दो बच्चे अब भी फंसे हैं, जिनके लिए युद्धस्तर पर बचाव अभियान जारी है। किसी की मौत की पुष्टि नहीं हुई है।

Image

मलबे से रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

Photo : Times Now Digital

Nashik Building Collapsed: बीती रात नासिक शहर एक भीषण हादसे का गवाह बना जब एक पुराने-जर्जर इमारत का आधा हिस्सा अचानक भरभरा कर गिर गया। हादसे के वक्त इमारत में लोग मौजूद थे, जिससे अफरा-तफरी मच गई। घटना के तुरंत बाद दमकल विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।

छह से सात लोग मलबे में दबे

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, छह से सात लोग मलबे के नीचे दब गए थे, जिन्हें फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाल लिया। इनमें से कुछ लोगों को हल्की चोटें आई हैं और उन्हें नासिक जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राहत की बात यह रही कि किसी की जान जाने की पुष्टि नहीं हुई है।

हालांकि, दो मासूम बच्चे अब भी मलबे में फंसे हुए हैं, जिन्हें निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है। राहत-बचाव टीम का कहना है कि बच्चों तक जल्द पहुंचने की पूरी कोशिश की जा रही है।

मलबा हटाने का कार्य जारी

पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर डटे हुए हैं और रेस्क्यू ऑपरेशन की निगरानी कर रहे हैं। आसपास की इमारतों को भी एहतियातन खाली करा लिया गया है ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

फिलहाल, यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि इमारत गिरने की मुख्य वजह क्या रही लेकिन आशंका जताई जा रही है कि इमारत पुरानी और जर्जर थी और हाल की भारी बारिश के चलते कमजोर हो गई होगी।

स्थानीय लोगों में भय का माहौल

घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। प्रशासन की ओर से इस घटना की विस्तृत जांच के आदेश दिए जाने की संभावना है। हादसे के जिम्मेदारों की तलाश के साथ-साथ यह भी देखा जाएगा कि क्या नगर निगम द्वारा समय पर चेतावनी दी गई थी या नहीं। फिलहाल पूरा फोकस बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालने पर है और पूरे शहर की निगाहें रेस्क्यू टीम के प्रयासों पर टिकी हुई हैं।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article